KNEWS DESK – बॉलीवुड के ‘सिंघम’ यानी अजय देवगन इन दिनों अपनी फिल्मों के साथ-साथ सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख डॉ. मोहन भागवत के विचारों को समर्थन देते हुए एक पोस्ट शेयर किया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी खूब चर्चा हो रही है। वहीं, अजय देवगन अपने नए शो ‘क्राइम पेट्रोल- क्राइम का करंट’ को लेकर भी चर्चा में हैं।
मोहन भागवत के विचारों का समर्थन करते दिखे अजय देवगन
अजय देवगन ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर RSS के ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ कार्यक्रम की एक तस्वीर शेयर की। इसके साथ उन्होंने डॉ. मोहन भागवत के हिंदुत्व और समानता से जुड़े संदेश का समर्थन किया।
अजय देवगन ने मोहन भागवत के बयान को कोट करते हुए लिखा कि अगर कोई खुद को हिंदू कहता है, तो उसे यह स्वीकार करना चाहिए कि अलग-अलग रास्ते एक ही मंजिल तक पहुंचते हैं। उन्होंने हर इंसान की गरिमा का सम्मान करने को सच्चे हिंदुत्व से जोड़ा।
अजय का यह पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
न्यूयॉर्क में हुआ था ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’
IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, 29 अगस्त को न्यूयॉर्क में ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें हिंदू-अमेरिकी समुदाय के हजारों लोग शामिल हुए थे।
कार्यक्रम का आयोजन अमेरिकन हिंदूज फॉर एंगेजमेंट एंड डायलॉग फोरम ने किया था और इसे 250 से ज्यादा हिंदू-अमेरिकी संगठनों का समर्थन मिला था। कार्यक्रम में डॉ. मोहन भागवत मुख्य वक्ता के तौर पर शामिल हुए।
रिपोर्ट के अनुसार, इस वैश्विक सम्मेलन में करीब 6,000 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। अपने संबोधन में मोहन भागवत ने ‘विविधता में एकता’ पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं और ‘वन वर्ल्ड, वन ह्यूमैनिटी’ का संदेश दिया गया।
‘क्राइम पेट्रोल’ में दिखेगा अजय देवगन का नया अंदाज
सोशल मीडिया पोस्ट के अलावा अजय देवगन अपने टीवी प्रोजेक्ट को लेकर भी चर्चा में हैं। वह लोकप्रिय क्राइम शो ‘क्राइम पेट्रोल’ के नए सीजन ‘क्राइम पेट्रोल- क्राइम का करंट’ को होस्ट कर रहे हैं।
अपने नए शो के बारे में बात करते हुए अजय ने कहा कि इसकी सबसे खास बात यह है कि इसकी कहानियां वास्तविक अपराधों से प्रेरित होती हैं। उनके मुताबिक, शो का मकसद सिर्फ दर्शकों का मनोरंजन करना नहीं, बल्कि उन्हें जागरूक और सतर्क करना भी है।
अजय ने कहा कि ‘क्राइम पेट्रोल’ लोगों को आंखें खोलने और किसी पर भी आंख बंद करके भरोसा न करने की सीख देता है। इस तरह फिल्मों के बाद अब अजय देवगन छोटे पर्दे पर भी अपने नए अंदाज से दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आएंगे।