SCO Summit 2026: बिश्केक में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 26वें शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ एकजुट कार्रवाई की अपील की. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की मौजूदगी में पीएम मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले का भी जिक्र किया और आतंकवाद के पूरे इकोसिस्टम को खत्म करने की जरूरत बताई.
Knews Desk- किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में मंगलवार को आयोजित SCO शिखर सम्मेलन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधित किया. अपने भाषण में उन्होंने आतंकवाद के साथ-साथ पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का भी मुद्दा उठाया. पीएम मोदी ने कहा कि युद्ध के मैदान में किसी समस्या का समाधान नहीं निकल सकता. सभी विवादों और संघर्षों को बातचीत और कूटनीति के जरिए सुलझाया जाना चाहिए.
SCO के मंच से पीएम मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ सभी देशों से एकजुट होने की अपील की. उन्होंने कहा कि आतंकवाद के मुद्दे पर दोहरे मापदंडों की कोई जगह नहीं होनी चाहिए. आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को प्रभावी बनाने के लिए इसके पूरे इकोसिस्टम को खत्म करना जरूरी है.
पीएम मोदी ने आतंकवाद की फंडिंग, आतंकियों की भर्ती, कट्टरपंथ और उन्हें मिलने वाले सुरक्षित ठिकानों पर भी कार्रवाई की जरूरत बताई. इस दौरान चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत कई देशों के नेता मौजूद थे.
शहबाज शरीफ के सामने पहलगाम हमले का जिक्र
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की मौजूदगी में पीएम मोदी ने बिना पाकिस्तान का नाम लिए आतंकवाद को लेकर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि यह सवाल स्वाभाविक है कि क्या कुछ देशों की ओर से आतंकवाद को खुले तौर पर दिया जाने वाला समर्थन स्वीकार किया जा सकता है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत पिछले चार दशकों से आतंकवाद का सामना कर रहा है. इस दौरान कई परिवारों ने अपने बच्चों को खोया और कई बच्चों ने अपने माता-पिता को खो दिया. उन्होंने हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले को आतंकवाद का एक घिनौना उदाहरण बताया.
पश्चिम एशिया के संघर्ष पर भी बोले PM मोदी
SCO सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है, जब पश्चिम एशिया में संघर्ष जारी है. इस युद्ध का असर ऊर्जा आपूर्ति के साथ-साथ दुनियाभर की अर्थव्यवस्थाओं पर भी पड़ रहा है. पीएम मोदी ने संघर्षों को बातचीत और कूटनीति के जरिए सुलझाने पर जोर दिया और कहा कि युद्ध किसी समस्या का स्थायी समाधान नहीं है.