Delhi SIR Draft Voter List: दिल्ली में SIR के तीसरे चरण के बाद चुनाव आयोग ने ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है. करीब 1.45 करोड़ मतदाताओं में से 97.5 लाख यानी 67.16 फीसदी के फॉर्म ही डिजिटाइज हो सके हैं. वहीं, 47 लाख से ज्यादा वोटरों के नाम फिलहाल ड्राफ्ट लिस्ट में शामिल नहीं हैं.
Knews Desk- दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया के तीसरे चरण के बाद चुनाव आयोग ने ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है. आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी में करीब 1.45 करोड़ मतदाताओं में से 97.5 लाख मतदाताओं के फॉर्म डिजिटाइज किए गए हैं. यह कुल मतदाताओं का 67.16 फीसदी है.
वहीं, करीब 47 लाख 56 हजार मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नहीं दिखाई दे रहे हैं. आयोग ने बताया है कि दिल्ली की कुछ विधानसभा सीटों पर फॉर्म डिजिटाइजेशन का आंकड़ा अन्य क्षेत्रों की तुलना में काफी कम रहा. इनमें ओखला और तुगलकाबाद विधानसभा क्षेत्र सबसे नीचे रहे.
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना नाम देखने के लिए मतदाता दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO Delhi) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर सूची चेक कर सकते हैं. इसके लिए जिले, विधानसभा क्षेत्र और भाषा का चयन करने के बाद कैप्चा भरना होगा.
अगर कोई मतदाता सीधे अपना नाम या मतदाता पहचान पत्र से जुड़ी जानकारी देखना चाहता है, तो वह EPIC नंबर के जरिए भी जांच कर सकता है. इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग के वोटर सर्विस पोर्टल और ECINET ऐप के जरिए भी मतदाता अपना रजिस्ट्रेशन स्टेटस और अन्य चुनावी सेवाओं की जानकारी हासिल कर सकते हैं.
ड्राफ्ट लिस्ट में नाम नहीं है तो क्या करें?
अगर किसी योग्य मतदाता का नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नहीं है, तो उसे घबराने की जरूरत नहीं है. चुनाव आयोग ने दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए समय दिया है.
मतदाता 31 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक अपना दावा या आपत्ति दर्ज करा सकते हैं. जिन पात्र लोगों का नाम सूची में छूट गया है, वे नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं. यह प्रक्रिया ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों माध्यमों से पूरी की जा सकती है.
4 नवंबर को जारी होगी अंतिम वोटर लिस्ट
ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद चुनाव आयोग दावों और आपत्तियों की जांच करेगा. जांच और जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिल्ली की अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी.
इसलिए जिन मतदाताओं का नाम फिलहाल ड्राफ्ट लिस्ट में नहीं दिख रहा है, उनके पास अपना नाम शामिल कराने और रिकॉर्ड में सुधार कराने का मौका है.