कृष्ण जन्माष्टमी पर लगाएं मथुरा के पेड़े का भोग, आसान रेसिपी से मिलेगा बिल्कुल देसी स्वाद

KNEWS DESK- जन्माष्टमी के मौके पर अगर आप भगवान कृष्ण को मथुरा के मशहूर पेड़ों का भोग लगाना चाहते हैं, तो इन्हें घर पर भी आसानी से बना सकते हैं. थोड़ी सी सामग्री और सही तरीके से भूनने पर स्वाद ऐसा आएगा कि बाजार के पेड़े भी याद नहीं आएंगे.

भारत में कई मिठाइयां ऐसी हैं जिनकी अपनी अलग पहचान और स्वाद है. मथुरा के पेड़े भी ऐसी ही मशहूर मिठाइयों में शामिल हैं. भगवान कृष्ण की नगरी मथुरा से जुड़े होने की वजह से जन्माष्टमी के अवसर पर इन पेड़ों की खास मांग रहती है. अगर इस बार मथुरा जाकर पेड़े लाना संभव नहीं है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं. आप घर पर ही स्वादिष्ट मथुरा स्टाइल पेड़े तैयार कर सकते हैं.

मथुरा के पेड़े बनाने के लिए सामग्री

घर पर पेड़े बनाने के लिए आपको 500 ग्राम मावा या खोया, 150 ग्राम बूरा या पिसी हुई चीनी, आधा चम्मच इलायची पाउडर, 1 से 2 चम्मच घी, जरूरत के अनुसार 1 से 2 चम्मच दूध और सजाने के लिए कटे हुए पिस्ता या बादाम चाहिए होंगे.

कैसे तैयार करें मथुरा के पेड़े?

सबसे पहले एक भारी तले वाली कढ़ाही लें और उसमें थोड़ा घी गर्म करें. अब इसमें मावा डालकर धीमी आंच पर भूनना शुरू करें. मावे को लगातार चलाते रहें, ताकि वह कढ़ाही के तले में चिपके नहीं और समान रूप से भुन जाए. मथुरा के पेड़ों का असली स्वाद लाने के लिए मावे को धीमी आंच पर अच्छी तरह भूनना बेहद जरूरी है.

जब मावा अपना रंग बदलकर हल्का सुनहरा होने लगे और उससे अच्छी खुशबू आने लगे, तो गैस की आंच धीमी कर दें. अब इसमें बूरा या पिसी हुई चीनी डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद इलायची पाउडर डालें और मिश्रण को कुछ देर और पकाएं. अगर मिश्रण बहुत सूखा लगे तो जरूरत के हिसाब से थोड़ा दूध मिला सकते हैं.

मिश्रण के अच्छी तरह पक जाने के बाद गैस बंद कर दें और इसे थोड़ा ठंडा होने दें. ध्यान रखें कि मिश्रण पूरी तरह ठंडा न हो, बल्कि इतना गुनगुना रहे कि आसानी से हाथों से पेड़े बनाए जा सकें. अब हाथों पर थोड़ा घी लगाकर मिश्रण की छोटी-छोटी लोइयां लें और उन्हें गोल आकार देकर हल्का चपटा कर दें.

तैयार पेड़ों के ऊपर कटे हुए पिस्ता या बादाम लगाकर सजाएं. आप चाहें तो हल्का सा बूरा ऊपर से भी डाल सकते हैं. इस तरह घर पर ही स्वादिष्ट मथुरा के पेड़े तैयार हो जाएंगे.

इस टिप से बच जाएगा काफी समय

अगर आप पेड़े जल्दी बनाना चाहते हैं तो घर पर मावा तैयार करने की जरूरत नहीं है. बाजार से अच्छी क्वालिटी का ताजा खोया खरीदकर लाया जा सकता है. इससे तैयारी का समय काफी कम हो जाएगा. हालांकि पेड़ों का स्वाद बेहतर बनाने के लिए मावे को धीमी आंच पर अच्छी तरह भूनना न भूलें.

जन्माष्टमी के दिन इन पेड़ों को भगवान श्रीकृष्ण को भोग में चढ़ाएं और परिवार के साथ प्रसाद के रूप में खाएं. घर पर बने ताजे मथुरा स्टाइल पेड़ों का स्वाद त्योहार की मिठास को और बढ़ा देगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *