KNEWS DESK – अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही है। दोनों जल्द ही फिल्म ‘हैवान’ में साथ नजर आएंगे। करीब 18 साल बाद दोनों एक्टर्स को एक साथ स्क्रीन शेयर करते देखने के लिए फैंस काफी उत्साहित हैं। इस फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन कर रहे हैं, जो इससे पहले अक्षय कुमार के साथ कई सफल फिल्में दे चुके हैं। इसी बीच प्रियदर्शन ने अपनी एक पुरानी फिल्म से जुड़ा दिलचस्प किस्सा साझा किया है।
दरअसल, प्रियदर्शन ने खुलासा किया है कि अक्षय कुमार की सुपरहिट फिल्म ‘गरम मसाला’ पहले सैफ अली खान को ऑफर की गई थी। सैफ ने फिल्म की कहानी भी सुनी थी और इसे करने में उनकी दिलचस्पी थी, लेकिन स्क्रिप्ट समय पर पूरी नहीं हो पाने की वजह से मामला आगे नहीं बढ़ सका। बाद में यही फिल्म अक्षय कुमार के खाते में गई और बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की।
‘गरम मसाला’ क्यों नहीं कर पाए सैफ?
प्रियदर्शन ने न्यूज18 से बातचीत में बताया कि उन्होंने ‘गरम मसाला’ के लिए सैफ अली खान को लगभग फाइनल कर लिया था। डायरेक्टर के मुताबिक, वह सैफ को फिल्म की कहानी सुनाने के लिए मिले थे, लेकिन उस वक्त स्क्रिप्ट पूरी तरह तैयार नहीं थी। फिल्म के लेखक नीरज पूरी स्क्रिप्ट समय पर तैयार नहीं कर पाए।
प्रियदर्शन ने बताया कि सैफ ने स्क्रिप्ट का इंतजार करते हुए करीब तीन दिन तक समय दिया। लेकिन जब तय समय में कहानी पूरी नहीं हो पाई तो सैफ को अपने दूसरे प्रोजेक्ट्स की डेट्स देनी पड़ीं। इसी वजह से वह ‘गरम मसाला’ का हिस्सा नहीं बन सके।
इसके बाद फिल्म में अक्षय कुमार की एंट्री हुई और साल 2005 में रिलीज हुई ‘गरम मसाला’ दर्शकों को खूब पसंद आई। फिल्म में अक्षय के साथ जॉन अब्राहम, परेश रावल, रिमी सेन और नेहा धूपिया जैसे कलाकार नजर आए थे। कॉमेडी और शानदार टाइमिंग की वजह से फिल्म आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय है।
सैफ से पहली मुलाकात का भी सुनाया किस्सा
प्रियदर्शन ने सैफ अली खान से अपनी पहली मुलाकात का किस्सा भी शेयर किया। उन्होंने बताया कि जब वह पहली बार सैफ से मिले तो उन्होंने उनसे पूछा था कि क्या उनके पिता वहां हैं, क्योंकि वह उनसे मिलना चाहते थे। प्रियदर्शन मंसूर अली खान पटौदी के बड़े प्रशंसक रहे हैं।
डायरेक्टर ने बताया कि वह काफी समय से टाइगर पटौदी को खेलते हुए देखना चाहते थे। उन्होंने याद किया कि एक बार यूनिवर्सिटी स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी का मैच देखने के दौरान वह उनसे मिलने के लिए दौड़े थे, लेकिन गिरने की वजह से चोटिल हो गए और उनसे मुलाकात नहीं हो सकी।
प्रियदर्शन ने बताया कि बाद में चेन्नई में वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच के दौरान उन्होंने पटौदी को खेलते हुए देखा था। क्रिकेट के प्रति अपने जुनून की वजह से वह पटौदी के रिकॉर्ड्स और उनके स्कोर तक याद रखते थे।
‘हैवान’ में फिर साथ दिखेंगे अक्षय-सैफ
अब सालों बाद अक्षय कुमार और सैफ अली खान एक बार फिर एक साथ नजर आने वाले हैं। दोनों इससे पहले ‘टशन’ में साथ काम कर चुके हैं। इसके अलावा दोनों की जोड़ी ‘ये दिल्लगी’, ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’, ‘तू चोर मैं सिपाही’, ‘कीमत: दे आर बैक’ और ‘आरजू’ जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुकी है।
‘हैवान’ को लेकर फैंस के बीच खासा उत्साह है, क्योंकि फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी के साथ प्रियदर्शन का निर्देशन देखने को मिलेगा। अब देखना होगा कि पर्दे पर उनकी यह नई पारी दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।