KNews Desk: NEET-PG 2026 परीक्षा के दौरान जयपुर के सीतापुरा स्थित ION डिजिटल जोन सेंटर पर अचानक बिजली गुल होने से हंगामा मच गया। कंप्यूटर आधारित परीक्षा होने के कारण बिजली बाधित होते ही परीक्षा प्रक्रिया प्रभावित हो गई। सेंटर पर मौजूद 311 अभ्यर्थियों ने नाराजगी जताई और परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।
जानकारी के मुताबिक, जयपुर के सीतापुरा स्थित ION Digital Zone के दो सेंटर (41682 और 41683) पर तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा पूरी नहीं हो पाई। इसके बाद प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया गया है।
5 सितंबर को होगी दोबारा परीक्षा
प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए 5 सितंबर 2026, शनिवार को दोपहर 3 बजे जयपुर में दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए नया एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा और परीक्षा केंद्र यानी वेन्यू की जानकारी भी अलग से दी जाएगी।
311 अभ्यर्थी हुए प्रभावित
सीतापुरा स्थित परीक्षा केंद्र पर कुल 311 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। परीक्षा के दौरान बिजली जाने के बाद कंप्यूटर सिस्टम प्रभावित हुए, जिससे अभ्यर्थियों को परीक्षा पूरी करने में परेशानी हुई। इसके बाद कई छात्रों ने सेंटर पर नाराजगी जताई और परीक्षा दोबारा कराने की मांग की।
2.65 लाख अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
NEET-PG 2026 के लिए करीब 2.73 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से लगभग 2.65 लाख छात्र 1,111 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा में शामिल हुए। जयपुर में परीक्षा के लिए 15 केंद्र बनाए गए थे, जहां करीब 8,370 अभ्यर्थियों के शामिल होने की जानकारी है।
परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक कंप्यूटर आधारित माध्यम से आयोजित की गई। हालांकि, सीतापुरा के दो केंद्रों पर बिजली की समस्या के कारण अभ्यर्थियों को परीक्षा पूरी करने का मौका नहीं मिल सका।
अब प्रभावित छात्रों को दोबारा परीक्षा के लिए नए एडमिट कार्ड और केंद्र की जानकारी का इंतजार है।