बस्ती में भीषण सड़क हादसा: कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन युवकों की मौत, कार चालक गंभीर

Basti Road Accident: उत्तर प्रदेश के बस्ती में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। कलवारी थाना क्षेत्र में कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल है।

KNews Desk: बस्ती में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। कलवारी थाना क्षेत्र में बस्ती-टांडा मार्ग पर चनगहिया गांव के पास तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे युवक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

पुलिस के मुताबिक बाइक पर तीन युवक सवार थे। मृतकों की पहचान भुइसापुर गांव निवासी 28 वर्षीय सहाबुद्दीन, 26 वर्षीय नूर आलम और करीब 29 वर्षीय शरीफ के रूप में हुई है। सहाबुद्दीन और नूर आलम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल शरीफ को इलाज के लिए बस्ती जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे में कार चालक अविनाश निवासी बाग बहाव, थाना पवई, आजमगढ़ भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की जानकारी मिलते ही कलवारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को कब्जे में ले लिया है। तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

एएसपी श्यामाकांत के अनुसार, कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार तीन युवकों की जान चली गई, जबकि कार चालक घायल है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *