Ghazipur Appointment Letter Distribution: गाजीपुर में मिशन रोजगार के तहत आयोजित कार्यक्रम में 191 युवाओं और महिलाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सरकार की भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बताते हुए कहा कि प्रदेश में युवाओं को बिना भेदभाव और रिश्वत के रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
KNews Desk– उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में रोजगार से जुड़े एक कार्यक्रम के दौरान 191 युवाओं और महिलाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। राइफल क्लब स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, जखनिया विधायक बेदी राम, नगरपालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल और जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर की गई।
मिशन रोजगार के तहत आयोजित कार्यक्रम में अलग-अलग विभागों से चयनित कुल 191 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इनमें पंचायती राज विभाग के 109 पंचायत सहायक, महिला कल्याण विभाग के सखी वन स्टॉप सेंटर की 10 कार्यकर्ता और सेवायोजन विभाग के माध्यम से रोजगार हासिल करने वाले 72 युवा शामिल हैं।
जिले की कुल 1238 ग्राम पंचायतों में से 1206 पंचायतों में पंचायत सहायकों की चयन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वहीं, बाकी 32 ग्राम पंचायतों में चयन प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की बात कही गई है। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद युवाओं और उनके परिवारों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
राजभर ने भर्ती प्रक्रिया को बताया पारदर्शी
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने प्रदेश सरकार की रोजगार नीति की तारीफ की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर नौकरी दी जा रही है और भर्ती प्रक्रिया में किसी तरह का भेदभाव या रिश्वत नहीं हो रही है।
राजभर ने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने 9 लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र बांटने के ऐसे कार्यक्रम प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा सके।
बस यात्रा को लेकर भी दी सफाई
ओमप्रकाश राजभर ने अपने हालिया बस सफर को लेकर उठे सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि महिलाओं के लिए उपलब्ध मुफ्त परिवहन सुविधा की वास्तविक स्थिति जानने के लिए उन्होंने आम यात्री की तरह बस में सफर किया था। सीट उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्होंने खड़े होकर यात्रा की और इस दौरान महिलाओं से बातचीत कर योजना का फीडबैक भी लिया।
इस्लामिक कानून वाले बयान पर क्या बोले राजभर?
मौलाना साजिद रशीदी के इस्लामिक कानून से जुड़े बयान पर राजभर ने कहा कि भारत संविधान के अनुसार चलता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश में संविधान सर्वोच्च है और सभी को उसी के मुताबिक चलना होगा।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी उन्होंने बड़ा दावा किया। राजभर ने कहा कि एनडीए उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगा।