KNews Desk: पंजाब के सीमावर्ती जिले फिरोजपुर में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और नगर पार्षद गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात मामडोट कस्बे में शनिवार शाम करीब 7:45 बजे हुई। बताया जा रहा है कि कार में सवार हथियारबंद हमलावरों ने बाइक का पीछा किया और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, गुरप्रीत सिंह गोपी अपने साथी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान एक कार में सवार चार हथियारबंद बदमाशों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद हमलावरों ने बाइक सवार दोनों लोगों पर गोलियां चला दीं।
फायरिंग में गुरप्रीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल गोपी को तुरंत फिरोजपुर के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनके साथ मौजूद हरप्रीत सिंह भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए लुधियाना के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया है।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। फिरोजपुर ग्रामीण के डीएसपी करण कुमार शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की।
शुरुआती जांच में चुनावी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, वारदात में शामिल संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस अलग-अलग संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
मुख्य आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मामले के मुख्य आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह पहले भी कथित तौर पर कई गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल रहा है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और सभी आरोपियों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
वारदात के बाद मामडोट और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में राजनीतिक रंजिश की आशंका ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।