युवाओं पर BJP का बड़ा फोकस, नितिन नबीन ने तैयार की ‘टीम 45’, इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी

KNews Desk: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने शनिवार को देशभर से बुलाए गए 45 युवा नेताओं और प्रमुख सांसदों के साथ बैठक की। बैठक का मुख्य फोकस देश के युवाओं के साथ संवाद और उनकी भागीदारी को मजबूत करने की रणनीति तैयार करना रहा। बैठक में शामिल नेताओं से युवाओं के मुद्दों और उनके साथ जुड़ने के तरीकों को लेकर सुझाव मांगे गए।बैठक में नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि देश के सभी युवाओं को एक ही श्रेणी में रखना सही नहीं होगा। अलग-अलग आयु वर्ग और समूह के युवाओं की प्राथमिकताएं अलग हो सकती हैं, इसलिए उनके साथ संवाद का तरीका भी अलग होना चाहिए। कुछ नेताओं ने ‘Gen-Z’ शब्द के बजाय अलग-अलग आयु वर्ग के युवाओं के लिए विशेष रणनीति बनाने का सुझाव दिया।

सूत्रों के मुताबिक, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने युवाओं के साथ संवाद बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जब पार्टी के नेता युवाओं के बीच जाएं तो केवल अपनी बात कहकर वापस न लौटें, बल्कि युवाओं की बात भी सुनें। उनकी समस्याओं, विचारों और सुझावों को समझने के साथ-साथ पार्टी की गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।बैठक में पार्टी के पुराने समर्थकों और कार्यकर्ताओं को लेकर भी चर्चा हुई। नेताओं ने कहा कि युवाओं के साथ संवाद बढ़ाना जरूरी है, लेकिन इस दौरान लंबे समय से पार्टी से जुड़े पुराने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को उपेक्षित महसूस नहीं होना चाहिए। पार्टी के कैडर में उत्साह बनाए रखना और कार्यकर्ताओं का नेतृत्व पर भरोसा मजबूत करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में शामिल 45 नेताओं को करीब 5-6 अलग-अलग ग्रुप में बांटा गया है। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी और छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री ओपी चौधरी जैसे नेताओं को टीम लीडर की जिम्मेदारी दी गई है। इन ग्रुप्स में शामिल नेता युवाओं की भागीदारी बढ़ाने को लेकर अपने सुझाव संबंधित टीम लीडर को भेजेंगे। बाद में इन सभी सुझावों को एक जगह संकलित कर पार्टी की रणनीति में शामिल करने की कोशिश की जाएगी।सभी 45 नेताओं से अगले 7-8 दिनों में अपने सुझाव देने को कहा गया है। उन्हें 10 सितंबर से पहले अपने सुझाव संबंधित ग्रुप लीडर को भेजने होंगे। सूत्रों के मुताबिक इन सुझावों के आधार पर पार्टी के कार्यक्रमों में युवाओं को जोड़ने के लिए नई गतिविधियां शुरू की जाएंगी। 17 सितंबर से प्रधानमंत्री के जनसेवा में 25 साल पूरे होने के अवसर पर प्रस्तावित ‘सेवा संकल्प महोत्सव’ के दौरान भी युवाओं के बीच विशेष गतिविधियां चलाने की तैयारी है।

नितिन नबीन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, मनसुख मांडविया और ज्योतिरादित्य सिंधिया के अलावा राज्य मंत्री कमलेश पासवान और रक्षा खडसे भी शामिल हुईं। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी, राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी बैठक में हिस्सा लिया।इसके अलावा छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी, गुजरात सरकार में मंत्री रीवाबा जडेजा, दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा, महाराष्ट्र सरकार में मंत्री पंकजा मुंडे और दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा समेत कई नेताओं ने बैठक में अपने सुझाव दिए। बीजेपी युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष अनुराग ठाकुर, पूनम महाजन और तेजस्वी सूर्या के साथ स्मृति ईरानी, रवि किशन, बांसुरी स्वराज, सुधांशु त्रिवेदी, संदीप पाठक, राजू विष्टा, हेमांग जोशी और गुरु प्रकाश पासवान भी बैठक में शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *