टाइम्स स्क्वायर के बिलबोर्ड पर दिखी मोहन भागवत की तस्वीर, MSG में 5 हजार लोगों को करेंगे संबोधित

KNews Desk: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत इन दिनों संघ के 100 वर्ष पूरे होने के मौके पर ग्लोबल आउटरीच प्रोग्राम के तहत अमेरिका के दौरे पर हैं. उनके इस दौरे में अमेरिका के अलावा कनाडा और ब्रिटेन भी शामिल हैं.

शनिवार को न्यूयॉर्क के मशहूर मैडिसन स्क्वायर गार्डन (MSG) में मोहन भागवत भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करने वाले हैं. इस कार्यक्रम में करीब 5,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है.

टाइम्स स्क्वायर पर दिखीं भागवत की तस्वीरें

मैडिसन स्क्वायर गार्डन में कार्यक्रम से पहले शुक्रवार शाम को टाइम्स स्क्वायर के एक प्रमुख बिलबोर्ड पर मोहन भागवत की तस्वीरें दिखाई गईं.

बिलबोर्ड पर ‘Resolve, Harmony and Dialogue’ की थीम के साथ उनकी तस्वीरें प्रदर्शित की गईं. तस्वीरें सामने आने के बाद भारतीय-अमेरिकी समुदाय के कई लोग टाइम्स स्क्वायर पहुंचे और बिलबोर्ड के सामने तस्वीरें खिंचवाईं.

क्या है MSG में होने वाला कार्यक्रम?

मैडिसन स्क्वायर गार्डन में होने वाले कार्यक्रम का नाम ‘Universal Oneness Celebration’ रखा गया है. इसका आयोजन American Hindus for Engagement and Dialogue (AHEAD) की ओर से किया जा रहा है.

आयोजकों के मुताबिक, यह कार्यक्रम रक्षा बंधन के अवसर पर आयोजित एक विशेष सभा है. इसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मुख्य संबोधन के जरिए वैश्विक एकता और ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ यानी पूरी दुनिया को एक परिवार मानने की अवधारणा पर चर्चा होगी.

भागवत के कार्यक्रम को लेकर विरोध भी

हालांकि, मोहन भागवत के मैडिसन स्क्वायर गार्डन कार्यक्रम को लेकर कुछ सिविल राइट्स संगठनों ने आपत्ति भी जताई है.

न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने भी कहा है कि वह इस कार्यक्रम का समर्थन नहीं करते. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि आयोजन निजी होने के कारण शहर के पास इसे रद्द करने का अधिकार शायद नहीं है.

अमेरिका दौरे के दौरान मोहन भागवत भारतीय-अमेरिकी कारोबारी, प्रवासी भारतीय समुदाय और विभिन्न कम्युनिटी लीडर्स के साथ मुलाकात और संवाद कर रहे हैं.

उन्होंने न्यूयॉर्क स्थित भक्ति सेंटर का दौरा भी किया. इस दौरान उन्होंने ISKCON के संस्थापक श्रील ए.सी. भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद को श्रद्धांजलि अर्पित की. मोहन भागवत का यह अमेरिका दौरा RSS के 100 साल पूरे होने के मौके पर चलाए जा रहे वैश्विक संपर्क अभियान का हिस्सा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *