Bigg Boss 20: मैरी कॉम से आम्रपाली दुबे तक, सलमान खान के शो में लगेगा सितारों का जमघट!

KNews Desk – टेलीविजन के सबसे चर्चित रिएलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के नए सीजन को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है. शो के शुरू होने में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है और इसी बीच कंटेस्टेंट्स की संभावित लिस्ट के साथ-साथ इस बार के घर और गेम के फॉर्मेट को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं.

बताया जा रहा है कि इस सीजन की थीम ‘वरदान’ रखी गई है. खास बात यह है कि घर को दो अलग-अलग हिस्सों या मकानों में बांटा गया है. इस बदलाव का सीधा असर कंटेस्टेंट्स के गेम पर पड़ने वाला है.

एलिमिनेशन के बाद भी मिलेगा गेम में लौटने का मौका

‘बिग बॉस 20’ में सबसे बड़ा ट्विस्ट एलिमिनेशन को लेकर बताया जा रहा है. सामान्य तौर पर शो से बाहर होने के बाद कंटेस्टेंट का सफर खत्म हो जाता है, लेकिन इस बार ऐसा जरूरी नहीं होगा.

अगर कोई खिलाड़ी एलिमिनेट होता है तो उसके लिए गेम पूरी तरह खत्म नहीं होगा. उसे दूसरे घर में जाने का मौका मिल सकता है, जहां वह दोबारा गेम में अपनी जगह बनाने की कोशिश करेगा. इसे ‘एक्स्ट्रा जीवनदान’ का नाम दिया जा रहा है.

यानी इस सीजन में एलिमिनेशन के बाद भी कंटेस्टेंट्स के पास वापसी का रास्ता खुला रह सकता है. यह ट्विस्ट शो की रणनीति और प्रतियोगियों के बीच होने वाले समीकरणों को पूरी तरह बदल सकता है.

20 कंटेस्टेंट्स की होगी एंट्री

रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार ‘बिग बॉस 20’ में कुल 20 कंटेस्टेंट्स नजर आ सकते हैं. इनमें से करीब 16-17 प्रतियोगी ग्रैंड प्रीमियर के दौरान घर में प्रवेश करेंगे, जबकि बाकी कंटेस्टेंट्स को बाद में वाइल्डकार्ड के जरिए शो में लाया जा सकता है.

ईशा रिखी और अमन गांधी के नाम की चर्चा

संभावित कंटेस्टेंट्स की लिस्ट में मॉडल और एक्ट्रेस ईशा रिखी का नाम चर्चा में है. वहीं टीवी एक्टर अमन गांधी, जिन्हें ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ में ऋतिक विरानी के किरदार के लिए जाना जाता है, के भी शो में आने की खबरें हैं.

इसके अलावा इस बार मेकर्स ने दर्शकों को भी कंटेस्टेंट चुनने का मौका देने की तैयारी की है. रिपोर्ट्स के अनुसार रिया अहीर और पंजाबी एक्ट्रेस लव गिल के बीच मुकाबला रखा गया है और दोनों में से किसी एक का फैसला ऑडियंस वोटिंग के आधार पर हो सकता है.

सोशल मीडिया और टीवी के कई चेहरे हो सकते हैं शामिल

शो के संभावित कंटेस्टेंट्स की लिस्ट में सोशल मीडिया और टीवी की दुनिया से जुड़े कई नाम सामने आ रहे हैं. इनमें अंजलि अरोड़ा, अर्शिफा खान, काजी तौकीर, आर्यन केल्विन और कुशल तंवर जैसे नामों की चर्चा है.

ग्लैमर और मनोरंजन की दुनिया से आम्रपाली दुबे, खुशी दुबे, युक्ति कपूर और उदिती सिंह के नाम भी संभावित कंटेस्टेंट्स में बताए जा रहे हैं.

वहीं स्पोर्ट्स और कॉमेडी जगत से मैरी कॉम, गीता बसरा और सुनील पाल जैसे नामों को लेकर भी अटकलें तेज हैं. इसके अलावा शोविक चक्रवर्ती के नाम की भी चर्चा हो रही है.

हालांकि इन नामों में से ज्यादातर को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है.

इन सितारों का नाम हुआ बाहर?

शुरुआत में एक्टर रजत बेदी के ‘बिग बॉस 20’ में शामिल होने की खबरें सामने आई थीं, लेकिन अब उनके शो का हिस्सा बनने की संभावना कम बताई जा रही है.

दूसरी ओर नीति टेलर, पार्थ समथान, प्रणाली राठौड़ और माही विज जैसे सितारों के साथ मेकर्स की बातचीत जारी होने की खबरें हैं.

6 सितंबर से शुरू होगा ‘बिग बॉस 20’

रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘बिग बॉस 20’ का प्रीमियर 6 सितंबर 2026 को होने वाला है. शो को ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर रात 9 बजे और कलर्स टीवी पर रात 10:30 बजे देखा जा सकेगा.

दो घरों का फॉर्मेट, एलिमिनेशन के बाद मिलने वाला ‘एक्स्ट्रा जीवनदान’ और संभावित कंटेस्टेंट्स की लंबी लिस्ट ने शो को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है. अब देखना होगा कि प्रीमियर के बाद इनमें से कौन-कौन से नाम वास्तव में बिग बॉस के घर में एंट्री लेते हैं और ‘वरदान’ थीम गेम को किस तरह बदलती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *