KNEWS DESK – बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों एक बेहद दिलचस्प ट्रेंड देखने को मिल रहा है. आमतौर पर जब कोई बड़ी बजट की फिल्म रिलीज होती है तो सिनेमाघरों में पहले से चल रही फिल्मों के कलेक्शन पर असर पड़ता है. लेकिन ‘हनुमान अंश’ के मामले में कहानी बिल्कुल उलट नजर आ रही है. यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ की रिलीज के बाद जहां कई फिल्मों की कमाई प्रभावित हुई, वहीं ‘हनुमान अंश’ की कमाई में तेजी देखने को मिली.
16 दिन तक लाखों में हुई कमाई
‘हनुमान अंश’ की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास नहीं रही. रिलीज के पहले 16 दिनों में फिल्म महज 1.40 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर पाई थी. उस समय ऐसा लग रहा था कि फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों से बाहर हो जाएगी.
लेकिन तीसरे रविवार यानी रिलीज के 17वें दिन फिल्म ने अचानक रफ्तार पकड़ ली. इस दिन ‘हनुमान अंश’ ने 2.20 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. इसके बाद फिल्म की कमाई लगातार 1 से 2 करोड़ रुपये के आसपास बनी रही.
22वें दिन आया बड़ा उछाल
फिल्म के 22वें दिन का कलेक्शन सबसे ज्यादा चौंकाने वाला रहा. चौथे शनिवार को ‘हनुमान अंश’ ने करीब 6.50 करोड़ रुपये की कमाई कर डाली. यानी पिछले दिन के मुकाबले फिल्म की कमाई में करीब तीन गुना उछाल देखने को मिला.
फिल्म के डे-वाइज कलेक्शन पर नजर डालें तो 18वें दिन इसने 1.25 करोड़, 19वें दिन 2.35 करोड़, 20वें दिन 1.50 करोड़ और 21वें दिन 2.10 करोड़ रुपये कमाए. 22वें दिन 6.50 करोड़ की कमाई के साथ फिल्म का 22 दिनों का नेट कलेक्शन 18.38 करोड़ रुपये पहुंच गया है. वहीं फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन करीब 21.65 करोड़ रुपये बताया जा रहा है.
2 करोड़ के बजट में बनी फिल्म ने कमाए 10 गुना से ज्यादा
‘हनुमान अंश’ की सबसे बड़ी खासियत इसका बेहद कम बजट है. करीब 2 करोड़ रुपये की लागत में तैयार हुई इस फिल्म ने अब तक अपनी लागत से कई गुना ज्यादा कमाई कर ली है. मौजूदा कलेक्शन को देखते हुए फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता मिलती नजर आ रही है.
खास बात यह है कि फिल्म की कमाई में पिछले कुछ दिनों में जिस तरह का उछाल आया है, उससे मेकर्स की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना लंबा सफर तय करती है.
‘महावतार नरसिम्हा’ और ‘लालो कृष्ण सदा सहायते’ की राह पर फिल्म
हाल के दिनों में ऐसी कई फिल्मों ने दर्शकों का ध्यान खींचा है, जिन्हें शुरुआत में धीमी प्रतिक्रिया मिली लेकिन बाद में उनकी कमाई ने रफ्तार पकड़ ली. एनिमेटेड फिल्म ‘महावतार नरसिम्हा’ और गुजराती फिल्म ‘लालो कृष्ण सदा सहायते’ भी इसका उदाहरण रही हैं.
‘हनुमान अंश’ की सफलता भी इसी बदलते बॉक्स ऑफिस ट्रेंड की ओर इशारा करती है. कम बजट और सीमित शुरुआत के बावजूद फिल्म को दर्शकों का साथ मिल रहा है. अब आने वाले दिनों में इसकी कमाई किस मुकाम तक पहुंचती है, इस पर सबकी नजर रहेगी.