KNEWS DESK- दिल्ली-NCR में CNG से वाहन चलाने वालों की जेब पर एक बार फिर असर पड़ा है. IGL ने शनिवार से CNG के दामों में 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी कर दी है. कंपनी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में LNG की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं और इनपुट गैस की लागत बढ़ने के कारण यह कीमत वृद्धि की गई है.
IGL ने बताया कि CNG की नई कीमतें 29 अगस्त की सुबह 6 बजे से प्रभावी हो गई हैं. इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली-NCR के अलग-अलग शहरों में CNG के दाम अलग-अलग हो गए हैं. VAT की अलग-अलग दरों के चलते राज्यों और शहरों में CNG की कीमतों में अंतर बना रहता है. नई बढ़ोतरी के बाद नोएडा: ₹95.59 प्रति किलोग्राम गाजियाबाद: ₹95.59 प्रति किलोग्राम मेरठ: ₹95.47 प्रति किलोग्राम गुरुग्राम: ₹92.01 प्रति किलोग्राम
CNG के दामों में इस साल यह पांचवीं बढ़ोतरी है. मई के बाद पहली बार कीमतें बढ़ाई गई हैं. मई में पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा कीमतों में तेजी का असर CNG पर पड़ा था. उस दौरान IGL ने करीब 10 दिनों के भीतर चार चरणों में CNG के दाम कुल 6 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाए थे. अब एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय बाजार में LNG की बढ़ती कीमतों का असर घरेलू CNG की कीमतों पर पड़ा है.
क्यों बढ़े CNG के दाम?
IGL के अनुसार, CNG के लिए जरूरी प्राकृतिक गैस का एक बड़ा हिस्सा इम्पोर्टेड LNG से आता है. पश्चिम एशिया में संघर्ष और उससे जुड़े भू-राजनीतिक तनाव के कारण स्पॉट और मौजूदा बाजार में LNG की कीमतों में तेजी आई है. कंपनी का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में LNG की कीमतें ऊंची रहने से इनपुट गैस की लागत बढ़ गई है. इस बढ़ी हुई लागत की आंशिक भरपाई के लिए CNG की कीमत में 3.89 रुपये प्रति किलो की वृद्धि की गई है.
CNG के दाम बढ़ने का सीधा असर दिल्ली-NCR में ऑटो, टैक्सी और CNG से चलने वाले दूसरे व्यावसायिक वाहनों पर पड़ सकता है. ईंधन की लागत बढ़ने से आने वाले दिनों में यात्रियों के किराए और माल ढुलाई की लागत पर भी दबाव बढ़ने की संभावना है. दिल्ली-NCR में बड़ी संख्या में ऑटो-रिक्शा, टैक्सी और कमर्शियल वाहन CNG पर निर्भर हैं. ऐसे में लगातार बढ़ती CNG कीमतें वाहन चालकों की परिचालन लागत को प्रभावित कर सकती हैं.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में LNG की कीमतों में तेजी
पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने और LNG की वैश्विक मांग के बीच कीमतों में उल्लेखनीय तेजी देखी गई है. एशिया के JKM LNG बेंचमार्क की कीमत फरवरी में करीब 11 डॉलर प्रति MMBTU थी, जो अगस्त में बढ़कर लगभग 23.4 डॉलर प्रति MMBTU तक पहुंच गई. इसी तरह यूरोप के TTF गैस बेंचमार्क में भी तेजी आई है. सर्दियों के मौसम से पहले यूरोप में LNG का स्टॉक बढ़ाए जाने से वैश्विक बाजार में मांग और कीमतों पर दबाव बढ़ा है. कुल मिलाकर, अंतरराष्ट्रीय LNG बाजार में जारी तेजी का असर अब दिल्ली-NCR के CNG उपभोक्ताओं पर भी दिखाई दे रहा है.