भागलपुर में बड़ा नाव हादसा, गंगा में पलटी 21 मजदूरों से भरी नाव, 2 की तलाश जारी

Knews Desk: बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया में बुधवार दोपहर बड़ा नाव हादसा हो गया। खरीक प्रखंड के राघोपुर इलाके में राहत और बचाव कार्य में लगे मजदूरों से भरी जल संसाधन विभाग की नाव तेज बहाव के कारण गंगा नदी में पलट गई। नाव पर कुल 21 मजदूर सवार थे। हादसे के बाद 19 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो मजदूर अभी भी लापता हैं। उनकी तलाश में SDRF की टीम सर्च ऑपरेशन चला रही है।

जानकारी के मुताबिक, हादसा बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ। इलाके में बांध टूटने के बाद राहत और बचाव का काम चल रहा था। इसी दौरान जल संसाधन विभाग की नाव मजदूरों को लेकर गंगा नदी में जा रही थी। नदी की तेज धारा के बीच नाव अचानक अनियंत्रित हो गई और बीच पानी में पलट गई।

नाव पलटते ही मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। कई मजदूरों ने अपनी जान बचाने के लिए नदी में तैरकर किनारे पहुंचने की कोशिश की। आसपास मौजूद लोगों ने भी तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची।

19 मजदूरों को सुरक्षित निकाला गया

हादसे के बाद 12 मजदूर किसी तरह तैरकर सुरक्षित घाट तक पहुंचने में कामयाब रहे। इसके बाद मौके पर पहुंची SDRF की टीम ने अभियान चलाकर सात अन्य मजदूरों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस तरह कुल 19 मजदूरों को रेस्क्यू किया जा चुका है। SDRF की टीम मोटरबोट और अन्य संसाधनों की मदद से नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। जरूरत पड़ने पर गोताखोरों की भी मदद ली जा रही है।

दो मजदूर अब भी लापता

प्रशासन के अनुसार, हादसे के बाद बादल मंडल (32) और सिकंदर मंडल (55) का अभी तक पता नहीं चल सका है। बादल मंडल लोदीपुर और सिकंदर मंडल सिमरिया गांव के रहने वाले बताए गए हैं। तेज जलधारा के कारण दोनों की तलाश में बचाव दल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने आशंका जताई है कि नाव पलटने के दौरान कुछ मजदूर उसके नीचे दबे हो सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लापता मजदूरों के परिजन गंगा किनारे पहुंचकर अपने परिजनों के सुरक्षित लौटने का इंतजार कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी है और SDRF को सर्च ऑपरेशन तेज करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *