महिलाओं पर अखिलेश का बड़ा दांव, सत्ता में आए तो शुरू होगी 40 हजार रुपये की योजना

Knews Desk: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने महिलाओं को लेकर बड़ा चुनावी ऐलान किया है। लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा सांसद डिंपल यादव ने ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ शुरू करने की घोषणा की। पार्टी के मुताबिक इस योजना के तहत महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी और आने वाले समय में इसकी राशि बढ़ाई भी जाएगी।

    सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि देश की तरक्की आधी आबादी की भागीदारी के बिना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को लेकर कई कदम उठाए जाएंगे। अखिलेश ने अपनी पिछली सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय लिए गए फैसले आज भी उदाहरण हैं।

    अखिलेश यादव ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए उनकी सरकार द्वारा शुरू किए गए 1090 सिस्टम को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं को लेकर सिर्फ नारे नहीं, बल्कि ठोस काम की जरूरत है।

    सपा की ओर से यह भी कहा गया कि सरकार बनने पर आठवीं तक के बंद किए गए स्कूलों को दोबारा खोला जाएगा। इंटर पास छात्राओं को लैपटॉप देने, पुलिस बल में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने और महिलाओं व बच्चों के लिए एंबुलेंस सेवा शुरू करने का भी वादा किया गया है। इसके अलावा हर जिले में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनाने की बात भी कही गई।

    डिंपल यादव ने कहा कि पार्टी की विचारधारा में PDA का ‘A’ आधी आबादी को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हर उम्र की महिला के सम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में काम करना चाहती है। उनके मुताबिक ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा और जरूरत के मुताबिक इसमें बदलाव भी किए जाएंगे।

    डिंपल यादव ने कहा कि महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाना पार्टी की प्राथमिकता है। उनका कहना था कि महिला होने के नाते हर स्त्री को सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार मिलना चाहिए।

    प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सांसद प्रिया सरोज, इकरा हसन, विधायक रागिनी सोनकर, पूजा शुक्ला और नसीम सोलंकी समेत सपा की कई महिला नेता मौजूद रहीं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *