Knews Desk: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सोशल मीडिया पर वायरल हुई ‘किसिंग कार’ को लेकर अब नया खुलासा हुआ है। पहले दावा किया जा रहा था कि कार पर करीब 3,400 लिपस्टिक के किस मार्क्स एक महिला ने बनाए थे, लेकिन अब कार के मालिक आदित्य सिकरवार ने बताया है कि इस पूरे आइडिया के पीछे एक नहीं, बल्कि उनकी तीन महिला मित्र थीं।
आदित्य के मुताबिक, सोशल मीडिया पर रील को वायरल करने और लोगों का ध्यान खींचने के लिए तीनों दोस्तों ने मिलकर कार की पूरी बॉडी पर लिपस्टिक से करीब 3,400 किस के निशान बनाए थे। देखते ही देखते कार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इसे 55 लाख से ज्यादा बार देखा गया।
वीडियो वायरल होने के बाद ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस ने भी मामले का संज्ञान लिया। पुलिस ने कार को रोककर उस पर लगे लिपस्टिक के सभी निशान साफ करवाए। इसके अलावा ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के मामले में कार मालिक का 5,500 रुपये का चालान भी किया गया।
पुलिस की कार्रवाई वाहन के मूल स्वरूप में बदलाव से जुड़े नियमों के तहत की गई। मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 52 के मुताबिक, वाहन में ऐसा बदलाव नहीं किया जा सकता जिससे उसका मूल स्वरूप बदल जाए या वह रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट में दर्ज जानकारी से अलग नजर आए।
इसके अलावा नियमों के उल्लंघन पर धारा 182A(4) और 177 के तहत जुर्माने और अन्य सजा का प्रावधान है। इस मामले में वायरल होने के लिए की गई ‘किसिंग कार’ की सजावट आखिरकार कार मालिक की जेब पर भारी पड़ गई।