KNEWS DESK – यश और कियारा आडवाणी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। 26 अगस्त को फिल्म के रिलीज होते ही फैंस का करीब चार साल का इंतजार खत्म हो गया। सुबह 7 बजे से ही फिल्म के शो शुरू हो गए थे और रिलीज से पहले ही इसकी लाखों टिकट बिक चुकी थीं।
यश को लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर देखने के लिए फैंस में जबरदस्त क्रेज था। ट्रेलर रिलीज होने के बाद फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट और भी बढ़ गई थी। अब फिल्म देखने के बाद दर्शकों ने सोशल मीडिया पर अपना रिएक्शन शेयर करना शुरू कर दिया है। इन रिएक्शन्स में फिल्म की तारीफ भी हो रही है और कुछ दर्शक इसे निराशाजनक भी बता रहे हैं।
दर्शकों को कैसी लगी ‘टॉक्सिक’?
एक यूजर ने फिल्म को लेकर लिखा कि ‘टॉक्सिक’ बुरी फिल्म नहीं है, लेकिन इसमें इमोशनल कनेक्शन काफी कम है। यूजर के मुताबिक फिल्म के विजुअल्स शानदार हैं और कई जगह ऐसा महसूस होता है जैसे हॉलीवुड फिल्म देख रहे हों। यश की स्क्रीन प्रेजेंस को जबरदस्त बताया गया है। वहीं, कियारा आडवाणी और नयनतारा की भी तारीफ की गई है। फिल्म के कुछ डायलॉग्स भी दर्शकों को पसंद आए हैं।
वहीं, एक दूसरे दर्शक ने फिल्म के पहले हाफ को लेकर निराशा जताई। उनका कहना है कि टेक्निकल क्वालिटी अच्छी होने के बावजूद कहानी और स्क्रीनप्ले बिखरी हुई लगती है। फिल्म पर ‘KGF’ का प्रभाव भी काफी ज्यादा दिखाई देने की बात कही गई है। एक्शन सीन्स को जरूरत से ज्यादा बनावटी और बैकग्राउंड म्यूजिक को निराशाजनक बताया गया।
हालांकि, इस यूजर को इंटरवल और यश-कियारा के कुछ सीन्स बेहतर लगे।
किसी ने बताया ‘टॉर्चर’
एक दर्शक ने तो फिल्म के सेकेंड हाफ को सीधे तौर पर ‘टॉर्चर’ बता दिया। यूजर ने फिल्म की राइटिंग और स्क्रीनप्ले पर सवाल उठाते हुए कहा कि इंटरवल के बाद फिल्म का बैकग्राउंड म्यूजिक भी सिरदर्द वाला लगता है। कुछ दर्शकों ने फिल्म को बोरिंग भी बताया है।
दूसरी तरफ तमिलनाडु से सामने आए कुछ वीडियो में फैंस थिएटर के अंदर फिल्म को लेकर जश्न मनाते और झंडे लहराते नजर आ रहे हैं। इससे साफ है कि फिल्म को लेकर दर्शकों की राय एक जैसी नहीं है।
यश की जमकर तारीफ
इन तमाम आलोचनाओं के बीच यश की परफॉर्मेंस को लेकर दर्शकों का रिएक्शन काफी पॉजिटिव है। एक यूजर ने कहा कि उन्हें पहले लगता था कि यश हिंदी डबिंग में उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाएंगे, लेकिन फिल्म देखने के बाद उनकी राय बदल गई।

यूजर ने यश के डायलॉग, एक्शन, स्क्रीन प्रेजेंस और एटीट्यूड की जमकर तारीफ की और कहा कि यश ने फिल्म में अपनी मौजूदगी से पूरी तरह छाप छोड़ दी है।
कुल मिलाकर, रिलीज के शुरुआती रिएक्शन्स में ‘टॉक्सिक’ को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। जहां यश की स्क्रीन प्रेजेंस और फिल्म के विजुअल्स को खूब पसंद किया जा रहा है, वहीं कहानी, स्क्रीनप्ले और बैकग्राउंड म्यूजिक को लेकर कुछ दर्शक निराश नजर आ रहे हैं। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में दर्शकों का रिएक्शन फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर कितना असर डालता है।