‘राज’ की भूतनी मालिनी शर्मा ने छोड़ी बॉलीवुड की चकाचौंध, 24 साल बाद जंगल में जी रहीं सुकून भरी जिंदगी

KNEWS DESK – साल 2002 में रिलीज हुई विक्रम भट्ट की हॉरर फिल्म ‘राज’ आज भी बॉलीवुड की यादगार हॉरर फिल्मों में गिनी जाती है। बिपाशा बसु और डिनो मोरिया स्टारर इस फिल्म में एक खूबसूरत चेहरे ने अपनी खौफनाक मुस्कान और भूतनी के किरदार से दर्शकों को डरा दिया था। यह चेहरा था एक्ट्रेस और मॉडल मालिनी शर्मा का।

मालिनी शर्मा ‘बॉम्बे वाइकिंग्स’ के सुपरहिट म्यूजिक वीडियो ‘क्या सूरत है’ से भी काफी लोकप्रिय हुई थीं। इसके बाद फिल्म ‘राज’ के गाने ‘आपके प्यार में हम संवरने लगे’ में भी वह नजर आईं। हालांकि, फिल्म की सफलता के बाद मालिनी अचानक बॉलीवुड और लाइमलाइट से दूर हो गईं।

शादी और तलाक के बाद बदली जिंदगी

मालिनी शर्मा ने ‘तुम बिन’ फेम एक्टर प्रियांशु चटर्जी से शादी की थी। हालांकि, दोनों का रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल सका और कुछ साल बाद उनका तलाक हो गया। इसके बाद मालिनी ने ग्लैमर की दुनिया से दूरी बनानी शुरू कर दी।

https://www.instagram.com/reels/DXrlzYaMlNs/

‘राज’ जैसी हिट फिल्म और इंडस्ट्री में पहचान मिलने के बावजूद उन्होंने फिल्मों की चकाचौंध और लगातार कैमरों से दूर रहने का फैसला किया।

सह्याद्री की वादियों में जी रही हैं सादगी भरी जिंदगी

करीब 23 साल बाद मालिनी शर्मा एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार किसी फिल्म की वजह से नहीं। वह अब महाराष्ट्र के सह्याद्री पर्वतों के बीच बेहद शांत और सादगी भरी जिंदगी जी रही हैं।

https://www.instagram.com/reels/DSU25I3DIrC

मालिनी ‘द स्लो लोकल’ नाम से एक फार्म स्टे चला रही हैं। वह यहां ऑर्गेनिक सब्जियां उगाती हैं, मेहमानों का स्वागत करती हैं और उनके लिए खुद चूल्हे पर खाना भी बनाती हैं। सोशल मीडिया पर वह अपने इस नए जीवन की झलकियां शेयर करती रहती हैं।

फैंस के सवालों का भी देती हैं जवाब

मालिनी सोशल मीडिया पर अपने फैंस के सवालों का जवाब भी देती हैं। एक फैन के सवाल पर उन्होंने कहा था कि वह जिंदा हैं और वहीं हैं। उन्होंने अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कुछ सवालों के जवाब भी दिए हैं।

मालिनी ने बताया कि उन्होंने एक मुस्लिम शख्स से शादी की है और उनके दो बेटे हैं। कभी पर्दे पर डरावना किरदार निभाकर लोगों को चौंकाने वाली मालिनी आज प्रकृति के बीच बेहद शांत जिंदगी जी रही हैं।

मायानगरी की चमक-दमक छोड़कर सह्याद्री की वादियों में अपनी अलग दुनिया बसाने का मालिनी का फैसला उनके फैंस के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *