इमरान हाशमी का खतरनाक ‘RELOAD’! ‘Gun Master G9’ का धमाकेदार टीजर आउट

KNEWS DESK –‘आवारापन 2’ की सफलता के बीच इमरान हाशमी अब अपनी अगली फिल्म ‘गन मास्टर G9’ के साथ एक और धमाका करने की तैयारी में हैं। फिल्म का 1 मिनट 22 सेकेंड का टीजर मंगलवार को रिलीज किया गया, जिसमें इमरान हाशमी का बेहद खतरनाक और दमदार अवतार देखने को मिला है।

टीजर से साफ है कि ‘गन मास्टर G9’ एक्शन और रोमांस से भरपूर फिल्म होने वाली है। इसमें इमरान जबरदस्त एक्शन करते नजर आएंगे। फिल्म में उनके साथ जेनेलिया डिसूजा और अपारशक्ति खुराना भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

टीजर में दिखा इमरान का डेडली अवतार

टीजर की शुरुआत में इमरान हाशमी को दर्जनों लोगों की भीड़ में मार खाते हुए दिखाया गया है। इसके बाद गोलियों की बौछार और खतरनाक एक्शन सीन्स देखने को मिलते हैं। इमरान का किरदार अपने प्यार तक पहुंचने के लिए मौत से भी लड़ता नजर आ रहा है।

टीजर में इमरान की आवाज में एक दमदार डायलॉग भी सुनाई देता है। वह अपने प्यार की दहलीज तक पहुंचने तक जिंदगी की सांसें थामे रखने की प्रार्थना करते नजर आते हैं।

फिल्म के टीजर से अंदाजा लगाया जा सकता है कि इमरान हाशमी इस बार अपने अब तक के किरदारों से काफी अलग और ज्यादा खतरनाक अंदाज में नजर आने वाले हैं।

सालों बाद फिर साथ आए इमरान और हिमेश

‘गन मास्टर G9’ की सबसे खास बात इमरान हाशमी और हिमेश रेशमिया की जोड़ी का दोबारा साथ आना है। हिमेश ने फिल्म का म्यूजिक तैयार किया है। इससे पहले भी दोनों की जोड़ी कई हिट फिल्मों और गानों में नजर आ चुकी है।

इमरान की फिल्मों के लिए हिमेश ने कई यादगार गाने तैयार किए हैं और उनके लिए अपनी आवाज भी दी है। ऐसे में दोनों का एक बार फिर साथ आना फैंस के लिए खास ट्रीट माना जा रहा है।

कब रिलीज होगी फिल्म?

‘गन मास्टर G9’ का निर्देशन आदित्य दत्त ने किया है। फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया मेलोडीज की ओर से पेश किया गया है। फिल्म में इमरान हाशमी के साथ जेनेलिया डिसूजा और अपारशक्ति खुराना अहम किरदारों में हैं। ‘गन मास्टर G9’ 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *