पंजाब में 117 सीटों पर BJP उतारेगी उम्मीदवार, बीएल संतोष ने चुनावी रणनीति का किया ऐलान

Punjab Election 2027: भाजपा ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष ने साफ किया है कि बीजेपी राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरेगी.

Knews Desk- पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियों को रफ्तार दे दी है. सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष दो दिवसीय पंजाब दौरे पर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने पटियाला में आयोजित जोनल बैठक में पार्टी नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों के साथ चुनावी तैयारियों पर चर्चा की.

बीएल संतोष ने कहा कि पंजाब बदलाव के लिए तैयार है और बीजेपी इस बदलाव का नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रदेश की सभी 117 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी और सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी.

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की तैयारी

बीजेपी ने चुनाव से पहले अपने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति बनाई है. बैठकों में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाने और पार्टी की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है.

पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को भी पंजाब के लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की जा रही है.

कई शहरों में होंगी संगठनात्मक बैठकें

बीएल संतोष ने सोमवार को पटियाला और बठिंडा में पार्टी की संगठनात्मक बैठकों की अध्यक्षता की. वहीं, 25 अगस्त को लुधियाना, जालंधर और अमृतसर में जोनल बैठकें प्रस्तावित हैं. अमृतसर में प्रदेश महासचिवों के साथ अलग बैठक भी होगी.

इन बैठकों के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों में संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जा रही है. बीजेपी का फोकस जमीनी स्तर पर पार्टी का नेटवर्क मजबूत करने और आगामी चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी तरह तैयार करने पर है.

117 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान क्यों अहम?

पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का बीजेपी का फैसला राज्य में पार्टी की चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. पार्टी अब संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क अभियान के जरिए अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है.

बीएल संतोष के पंजाब दौरे के दौरान अमृतसर और पठानकोट समेत कई इलाकों में पार्टी नेताओं के साथ संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की जाएगी. बीजेपी का लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूत प्रदर्शन करते हुए पंजाब में सरकार बनाने का है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *