महंगा हुआ गुड़, 80 रुपये किलो तक पहुंचा भाव; प्याज भी 50 रुपये किलो

KNEWS DESK- रसोई के बजट पर महंगाई का असर लगातार बढ़ रहा है। मंडियों में आवक कम होने और मांग में बदलाव के चलते गुड़ और प्याज के दाम में तेजी देखी जा रही है। चीनी के भाव बढ़ने के बाद अब गुड़ भी महंगा हो गया है। थोक बाजार में 31 जुलाई को 48 से 50 रुपये किलो बिकने वाला गुड़ अब 68 से 70 रुपये किलो तक पहुंच गया है। वहीं, फुटकर बाजार में इसका भाव 60 रुपये से बढ़कर रविवार को करीब 80 रुपये किलो हो गया।

कारोबारियों के मुताबिक, कुछ सप्ताह पहले जब चीनी 46 से 48 रुपये किलो बिक रही थी, तब गुड़ का फुटकर भाव करीब 60 रुपये किलो था। अब इसमें करीब 20 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हो चुकी है। गुड़ की कीमत बढ़ने की एक वजह इसके सूखने को बताया जा रहा है। इसके अलावा चीनी महंगी होने से गुड़ की मांग बढ़ी है, जबकि मंडियों में इसकी आवक कम बनी हुई है।

व्यापारियों का कहना है कि नई फसल का गुड़ बाजार में आने के बाद ही कीमतों में राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल कम आवक और बढ़ती मांग के कारण गुड़ के दाम लगातार ऊपर जा रहे हैं। वहीं, सावन में प्याज की खपत अपेक्षाकृत कम होने के बावजूद इसके थोक भाव में तेजी आई है। प्याज का थोक भाव करीब 50 रुपये किलो तक पहुंच गया है। गुड़ और प्याज की बढ़ती कीमतों ने आम उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *