KNEWS DESK- देश के ज्यादातर हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सक्रिय है और कई राज्यों में लगातार बारिश का दौर जारी है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती परिसंचरण और सक्रिय मॉनसूनी ट्रफ के प्रभाव से आज भी कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों में नदियों के जलस्तर बढ़ने और पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।
दिल्ली में आज और कल बारिश के आसार
राजधानी दिल्ली में रविवार को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। दोपहर के समय कुछ जगहों पर धूप भी निकली। मौसम विभाग के मुताबिक, आज दिल्ली में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और मध्यम बारिश होने की संभावना है। मंगलवार को भी हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद 29 अगस्त तक बारिश की संभावना कम है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
यूपी-बिहार में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मॉनसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मुरादाबाद, अलीगढ़, आगरा, झांसी, मथुरा, कानपुर, गोरखपुर, अयोध्या, प्रयागराज, बदायूं, आजमगढ़, इटावा, ललितपुर, वाराणसी, महोबा, सोनभद्र और बिजनौर समेत कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है।
बिहार में भी बारिश का दौर जारी रहेगा। राज्य के 24 जिलों में बारिश की संभावना है। इनमें पांच जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। झारखंड में पलामू, गढ़वा समेत करीब आठ जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है।
मध्य भारत में भी जमकर बरसेंगे बादल
राजस्थान में जयपुर समेत कई इलाकों में बारिश के साथ आंधी की संभावना जताई गई है। मध्य प्रदेश में भोपाल समेत कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में 28 अगस्त तक कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। विदर्भ में भी आज तेज बारिश हो सकती है।
महाराष्ट्र में मुंबई समेत कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं, ओडिशा में 28 अगस्त तक कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है। पश्चिम बंगाल में भी आज भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में 26 अगस्त तक 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड के हरिद्वार, नैनीताल, ऋषिकेश समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भी मूसलाधार बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर में भी कई जगहों पर व्यापक बारिश का अनुमान है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है।