KNEWS DESK – पिंक सिटी जयपुर में 23 अगस्त को मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का ग्रैंड फिनाले आयोजित किया गया। देशभर से पहुंचीं 52 फाइनलिस्ट्स ने आत्मविश्वास, खूबसूरती और टैलेंट के दम पर जजों को प्रभावित करने की कोशिश की। आखिरकार केरल की 19 वर्षीय केजिया लिज मेजो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया।
मिस यूनिवर्स इंडिया का राष्ट्रीय खिताब जीतने के बाद केजिया लिज मेजो अब 75वें मिस यूनिवर्स पेजेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह प्रतियोगिता नवंबर में प्यूर्टो रिको में आयोजित होने वाली है।
वैष्णवी गणेश फर्स्ट रनर-अप, अनुश्री सातवलेकर सेकंड रनर-अप
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के फिनाले में तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश फर्स्ट रनर-अप रहीं। वहीं गुजरात की अनुश्री सातवलेकर ने सेकंड रनर-अप का स्थान हासिल किया।
कौन हैं केजिया लिज मेजो?
केरल के मावेलिक्कारा की रहने वाली 19 वर्षीय केजिया लिज मेजो लॉ स्टूडेंट और मॉडल हैं। उन्होंने 2025 में मिस टीन इंटरनेशनल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया था और फर्स्ट रनर-अप रही थीं। उनके इंस्टाग्राम बायो में उन्हें मॉडल, एक्टर और डांसर बताया गया है। सोशल मीडिया पर उनके 40 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
https://www.instagram.com/reels/DcZctbIzWCH/
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का ताज जीतने के बाद केजिया ने अपने आत्मविश्वास से जुड़े संघर्ष के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि एक समय वह अपने लुक और पर्सनैलिटी को लेकर काफी असुरक्षित महसूस करती थीं। खुद पर काम करने, बातचीत की स्किल और पर्सनैलिटी को बेहतर बनाने से उन्हें आत्मविश्वास हासिल करने में मदद मिली।
सुष्मिता सेन की अगुवाई में बनी हाई-प्रोफाइल जूरी
जयपुर में आयोजित ग्रैंड फिनाले की जूरी में कई चर्चित नाम शामिल रहे। पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन ने जूरी का नेतृत्व किया। उनके अलावा पूर्व टाइटल होल्डर्स सेलिना जेटली और उर्वशी रौतेला भी जूरी का हिस्सा थीं।
जूरी पैनल में रिया सिंघा, फिल्म प्रोड्यूसर प्रज्ञा कपूर, एंटरप्रेन्योर विशा लाधिया, मिस चार्म 2025 एना ब्लैंको और डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. स्तुति खरे शुक्ला भी शामिल थीं।
सुष्मिता सेन ने 1994 में भारत के लिए पहली बार मिस यूनिवर्स का खिताब जीता था। वहीं सेलिना जेटली ने 2001 में मिस यूनिवर्स इंडिया और उर्वशी रौतेला ने 2015 में यह खिताब अपने नाम किया था। अब केजिया लिज मेजो इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल हो गई हैं और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं।