KNEWS DESK- राजस्थान के जोधपुर में रविवार को गांधी शांति प्रतिष्ठान में CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के नेता आशुतोष रांका के कार्यक्रम के दौरान हंगामा हो गया। बताया जा रहा है कि कुछ युवक बाउंड्री वॉल फांदकर कार्यक्रम स्थल में दाखिल हुए और इसके बाद वहां तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और करीब 11 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
CJP की ओर से गांधी शांति प्रतिष्ठान में ‘शिक्षा बचाओ, देश बचाओ’ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें युवाओं और छात्रों से शिक्षा और देश से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की जा रही थी। इसी दौरान कुछ युवक चारदीवारी फांदकर परिसर में घुसने की कोशिश करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवकों ने नारेबाजी की, जिसके बाद कार्यक्रम स्थल पर तनाव बढ़ गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
जोधपुर DCP (पूर्व) मनीष कुमार चौधरी ने बताया कि कुछ लोग बाउंड्री वॉल फांदकर कार्यक्रम स्थल में घुसने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कुछ लोगों को हिरासत में लिया। उन्होंने कहा कि मारपीट या किसी अन्य अपराध को लेकर फिलहाल पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद करीब 11 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। इलाके में सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी तरह की स्थिति दोबारा न बने।
ABVP और BJYM कार्यकर्ताओं पर आरोप
चश्मदीदों ने दावा किया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) से जुड़े कुछ कार्यकर्ता कथित तौर पर बाउंड्री वॉल फांदकर परिसर में पहुंचे थे। उनके नारे लगाने के बाद कार्यक्रम स्थल पर तनाव की स्थिति पैदा हुई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर प्रदर्शन कर रहे युवकों को वहां से हटाया और दोनों पक्षों को आमने-सामने आने से रोका। इसके बाद कार्यक्रम को नियंत्रित माहौल में आगे बढ़ाया गया।
CJP ने पुलिस पर लगाया आरोप
कार्यक्रम के बाद आयोजकों ने बताया कि पुलिस ने शास्त्री सर्कल गार्डन में छात्रों के साथ प्रस्तावित एक अन्य संवाद कार्यक्रम के लिए CJP को अनुमति नहीं दी। संगठन का दावा है कि इससे छात्रों के साथ बातचीत का कार्यक्रम प्रभावित हुआ। इससे पहले CJP के संस्थापक और संयोजक अभिजीत दिपके ने राजस्थान में संगठन के वॉलंटियर्स के साथ कथित बदसलूकी का आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया कि आशुतोष रांका और CJP की टीम जयपुर जिले के रामपुर-कंवरपुरा में एक सरकारी स्कूल जा रही थी, तभी कुछ लोगों ने उन्हें रोकने और खदेड़ने की कोशिश की।
दिपके ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए आरोप लगाया कि टीम के साथ बदसलूकी के दौरान राजस्थान पुलिस मूकदर्शक बनी रही। हालांकि, पुलिस की ओर से इन आरोपों पर विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। फिलहाल जोधपुर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।