बंगाल की खाड़ी में पनामा के झंडे वाला कार्गो जहाज MV Ocean Winner डूब गया। जहाज पर 24 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें 20 चीनी, 3 म्यांमार और एक बांग्लादेशी नागरिक शामिल था। अब भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना लापता क्रू सदस्यों की तलाश में जुटे हैं।
Knews Desk- बंगाल की खाड़ी में ओडिशा तट के पास एक बड़ा समुद्री हादसा सामने आया है। पनामा के झंडे वाला बल्क कैरियर MV Ocean Winner समुद्र में डूब गया। हादसे के समय जहाज पर कुल 24 क्रू सदस्य मौजूद थे। इनमें 20 चीनी, तीन म्यांमार और एक बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, MV Ocean Winner पारादीप बंदरगाह से लौह अयस्क लेकर सिंगापुर के लिए रवाना हुआ था। जहाज को 27 अगस्त तक सिंगापुर पहुंचना था। करीब 225 मीटर लंबे इस कार्गो शिप से संपर्क टूटने से पहले इसकी आखिरी लोकेशन ओडिशा तट से 200 नॉटिकल मील से ज्यादा दूर मिली थी।
अचानक ट्रैकिंग सिस्टम से गायब हुआ जहाज
शनिवार देर रात मैरीटाइम रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर (MRCC) को जहाज से संपर्क टूटने की सूचना मिली। इसके बाद जहाज की तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। ‘विक्ट्री स्टार ग्रुप कंपनी लिमिटेड’ की ओर से भी मदद की अपील की गई।
अलर्ट मिलने के बाद MRCC ने इंटरनेशनल सेफ्टी नेट को सक्रिय किया। इसके तहत इलाके में मौजूद मर्चेंट शिप MT AISOPOS को भी MV Ocean Winner और संभावित लाइफ राफ्ट की तलाश में लगाया गया।
भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना ने संभाला मोर्चा
जहाज के डूबने की जानकारी सामने आने के बाद भारतीय तटरक्षक बल और भारतीय नौसेना ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। तलाश के लिए ICG के जहाज वरद और अनमोल को तैनात किया गया, जबकि अभियान को मजबूत करने के लिए विजित को श्री विजयपुरम से रवाना किया गया।
अधिकारियों की टीम समुद्र में लापता क्रू सदस्यों और संभावित लाइफ राफ्ट की तलाश कर रही है। इस अभियान में आसपास मौजूद दूसरे जहाजों की भी मदद ली जा रही है।
दो क्रू सदस्यों का रेस्क्यू, 22 की तलाश जारी
अब तक दो क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचाया जा चुका है। वहीं बाकी 22 लोगों की तलाश जारी है। राहत और बचाव दल समुद्र के बड़े इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
फिलहाल जहाज के डूबने की सटीक वजह सामने नहीं आई है। हादसे से पहले जहाज की स्थिति क्या थी, उसे किसी तकनीकी खराबी का सामना करना पड़ा था या समुद्र में किसी अन्य कारण से परेशानी आई—इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों की प्राथमिकता फिलहाल लापता क्रू सदस्यों को सुरक्षित तलाशना है।