मीका सिंह की सुबोध उनियाल से माफी की मांग, बोले- पहले दलेर मेहंदी से मांगें माफी, फिर करूंगा फ्री शो

उत्तराखंड के कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। दलेर मेहंदी पर नशे में परफॉर्म करने का आरोप लगाए जाने से उनके भाई और सिंगर मीका सिंह नाराज हैं। मीका ने मंत्री सुबोध उनियाल से माफी मांगने की मांग की है और कहा है कि वह उत्तराखंड में बिल्कुल मुफ्त शो करने के लिए तैयार हैं, लेकिन उससे पहले मंत्री को उनके भाई से माफी मांगनी होगी।

Knews Desk – उत्तराखंड के कुंजापुरी मेले में पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस के दौरान हुए विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कार्यक्रम के दौरान दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस पर सवाल उठाए थे और उन पर नशे में होने का आरोप लगाया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर बहस शुरू हो गई। कई कलाकार दलेर मेहंदी के समर्थन में सामने आए हैं।

दलेर मेहंदी के भाई और सिंगर मीका सिंह ने मंत्री सुबोध उनियाल के बयान पर कड़ी नाराजगी जताई है। मीका ने कहा कि उनके भाई शराब नहीं पीते और उन पर इस तरह के आरोप लगाना गलत है। उन्होंने सवाल उठाया कि किसी बड़े कलाकार को मंच पर सबके सामने इस तरह डांटना और अपमानित करना कहां तक सही है। मीका ने मंत्री से अपने बयान के लिए माफी मांगने की मांग की है।

मीका सिंह ने उत्तराखंड में मुफ्त शो करने की पेशकश भी की है। उन्होंने कहा कि वह उत्तराखंड आकर बिल्कुल फ्री में परफॉर्म करेंगे, लेकिन उससे पहले मंत्री सुबोध उनियाल को दलेर मेहंदी से माफी मांगनी चाहिए। मीका के मुताबिक, उनके भाई ने करीब डेढ़ घंटे तक परफॉर्म किया और वहां मौजूद लोग उनके साथ डांस भी कर रहे थे। इसके बावजूद उन पर शराब पीकर कार्यक्रम करने का आरोप लगाया गया।

मीका सिंह ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी मामले में हस्तक्षेप करने और मंत्री के व्यवहार पर उचित कार्रवाई करने की अपील की है। वहीं, अभिनेता अनुपम खेर, राजपाल यादव, बादशाह और कपिल शर्मा समेत कई कलाकार दलेर मेहंदी के समर्थन में अपनी बात रख चुके हैं।

दूसरी ओर, मंत्री सुबोध उनियाल ने अपने रुख का बचाव करते हुए कहा कि यदि दलेर मेहंदी की तबीयत ठीक नहीं थी, तो उन्हें कार्यक्रम में परफॉर्म नहीं करना चाहिए था। उन्होंने यह भी दावा किया कि सिंगर मंच पर लिप-सिंक कर रहे थे और उन्हें कार्यक्रम के लिए 35 लाख रुपये दिए गए थे। हालांकि, नशे में होने का आरोप विवाद का प्रमुख मुद्दा बना हुआ है।

इस मामले में अब उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हस्तक्षेप की बात कही है। उन्होंने कहा कि दलेर मेहंदी और मीका सिंह दोनों उनके अच्छे मित्र हैं और वह दोनों से बात करेंगे, ताकि विवाद को खत्म किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *