‘धुरंधर’ के बाद रणवीर सिंह की अगली बड़ी फिल्म ‘प्रलय’ दुनिया के अंत की खौफनाक कहानी, शुरू हुई शूटिंग

KNEWS DESK- रणवीर सिंह की नई फिल्म ‘प्रलय’ की शूटिंग मुंबई में शुरू हो गई है। एंड-ऑफ-द-वर्ल्ड एक्शन सर्वाइवल थ्रिलर में कल्याणी प्रियदर्शन भी अहम भूमिका में नजर आएंगी।

रणवीर सिंह लगातार बड़े और अलग तरह के प्रोजेक्ट्स के साथ दर्शकों के बीच अपनी पकड़ मजबूत कर रहे हैं। ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के बाद अब एक्टर ऐसी कहानी लेकर आ रहे हैं, जो भारतीय सिनेमा में तबाही और सर्वाइवल की एक नई दुनिया दिखाने का दावा करती है। रणवीर सिंह की मच अवेटेड फिल्म ‘प्रलय’ की शूटिंग शुरू हो चुकी है।

फिल्म की शूटिंग मुंबई में अलग-अलग लोकेशंस पर की जा रही है। ‘प्रलय’ को एंड-ऑफ-द-वर्ल्ड एक्शन सर्वाइवल थ्रिलर के तौर पर तैयार किया जा रहा है। कहानी एक ऐसी दुनिया की कल्पना करती है, जहां सब कुछ धीरे-धीरे तबाही की ओर बढ़ रहा है और इंसानों के सामने जिंदा रहने की सबसे बड़ी चुनौती खड़ी हो जाती है।

तबाही के बीच दिखेगी इंसानी जंग

‘प्रलय’ केवल बड़े एक्शन सीक्वेंस और शानदार विजुअल्स वाली फिल्म नहीं होगी। फिल्म में दुनिया के विनाश के बीच इंसानी भावनाओं, रिश्तों, हिम्मत और अस्तित्व की लड़ाई को भी प्रमुखता दी जाएगी। कहानी में उस वक्त की तस्वीर दिखाई जाएगी, जब इंसान अपने अस्तित्व को बचाने के लिए आखिरी दम तक संघर्ष करता है।

रणवीर सिंह फिल्म में लीड रोल निभाने के साथ बतौर निर्माता भी प्रोजेक्ट से जुड़े हैं। उनके किरदार के लिए फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन के साथ-साथ इमोशनल परफॉर्मेंस की भी जरूरत होगी। यही वजह है कि फिल्म को रणवीर के करियर के अलग और चुनौतीपूर्ण प्रोजेक्ट्स में गिना जा रहा है।

जय मेहता के हाथों में फिल्म की कमान

‘प्रलय’ का निर्देशन जय मेहता कर रहे हैं। जय मेहता ‘स्कैम 1992: द हर्षद मेहता स्टोरी’ और ‘लुटेरे’ जैसे प्रोजेक्ट्स से अपनी पहचान बना चुके हैं। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ कल्याणी प्रियदर्शन भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। कल्याणी ने ‘लोका’ के जरिए दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है। फिल्म के निर्माण में बिरला स्टूडियोज, ट्रू स्टोरी फिल्म्स और मां कसम फिल्म्स शामिल हैं। अनन्या बिरला, हंसल मेहता और साहिल सैगल इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट से जुड़े हुए हैं।

असली लोकेशंस पर होगी शूटिंग

‘प्रलय’ की शूटिंग शुरू होने से पहले लंबे समय तक इसका प्री-प्रोडक्शन और तकनीकी काम किया गया। मेकर्स फिल्म को ज्यादा रियल और प्रभावशाली बनाने के लिए केवल वीएफएक्स पर निर्भर नहीं रहना चाहते। इसी वजह से मुंबई के अलग-अलग हिस्सों और वास्तविक लोकेशंस पर शूटिंग की जा रही है।

मेकर्स का मानना है कि असली लोकेशंस पर फिल्माए गए सीन्स कहानी की तबाही और डर को ज्यादा प्रभावी तरीके से दर्शकों तक पहुंचाएंगे। शूटिंग शुरू होने के साथ ही फिल्म को लेकर फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई है। अब देखना होगा कि रणवीर सिंह और जय मेहता की यह जोड़ी दुनिया के अंत की कहानी को पर्दे पर किस अंदाज में पेश करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *