मुंबई में नौसेना कर्मी समेत परिवार के चार लोगों की मौत, हत्या-आत्महत्या की गुत्थी में उलझी पुलिस

मुंबई के कोलाबा स्थित नेवी नगर में एक नौसेना कर्मी, उनकी पत्नी और दो बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृत बच्चों में एक की उम्र महज 2 महीने और दूसरे की 3 साल बताई जा रही है। पुलिस मामले को हत्या और आत्महत्या, दोनों एंगल से जांच रही है।

Knews Desk- दक्षिण मुंबई के नेवी नगर इलाके में 15 अगस्त को एक ही परिवार के चार लोगों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतकों में भारतीय नौसेना में तैनात एक नाविक, उनकी पत्नी और दो छोटे बच्चे शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में नौसेना कर्मी का शव घर के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला। वहीं उनकी पत्नी और दोनों बच्चों की मौत जहर के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

परिवार के चारों सदस्यों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी सुरक्षित किया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि परिवार के सदस्यों की मौत किस क्रम में हुई और आखिर इस घटना के पीछे क्या वजह थी।

मृत नौसेना कर्मी की पत्नी के मायके वालों ने पुलिस को बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से डरी हुई थी। परिवार के मुताबिक, महिला ने आशंका जताई थी कि उसका पति उसे और बच्चों को नुकसान पहुंचा सकता है। हालांकि, उस समय परिवार ने इसे पति-पत्नी के बीच का विवाद समझकर दोनों को समझाने की कोशिश की थी। अब इस जानकारी के सामने आने के बाद पुलिस इस पहलू को भी अपनी जांच में शामिल कर रही है।

हत्या के बाद आत्महत्या का शक

पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि नौसेना कर्मी ने कथित तौर पर पहले पत्नी और दोनों बच्चों को जहर दिया और इसके बाद खुद आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस ने अभी इस संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच अधिकारी सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की तफ्तीश कर रहे हैं।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे पारिवारिक विवाद, आर्थिक परेशानी या कोई अन्य वजह तो नहीं थी। परिवार के करीबी लोगों से पूछताछ के साथ-साथ घटनास्थल से मिले सबूतों और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

भारतीय नौसेना ने भी जारी किया बयान

भारतीय नौसेना ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि कोलाबा के नेवी नगर में 15 अगस्त को एक नौसेना कर्मी, उनकी पत्नी और दो बच्चे अपने आवास पर मृत पाए गए। मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है और नौसेना की ओर से जांच में हर संभव सहयोग दिया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस को पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट का इंतजार है। इन्हीं रिपोर्टों से चारों मौतों की वास्तविक वजह और घटना की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *