Knews Desk- 15 अगस्त 2026 को देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराएंगे और देशवासियों को संबोधित करेंगे। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर प्रधानमंत्री के आगमन से लेकर ध्वजारोहण और राष्ट्र के नाम संबोधन तक का पूरा कार्यक्रम तय किया गया है।
समारोह की शुरुआत सुबह करीब 6:50 बजे होगी, जब लाल किले पर गार्ड ऑफ ऑनर की टुकड़ी अपनी निर्धारित जगह संभालेगी। इसके कुछ मिनट बाद रक्षा सचिव समारोह स्थल पर पहुंचेंगे। करीब 6:56 से 7 बजे के बीच थलसेना, नौसेना और वायुसेना प्रमुख के साथ चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) भी लाल किले पहुंचेंगे।
सुबह 7:05 बजे रक्षा राज्य मंत्री समारोह स्थल पर पहुंचेंगे, जबकि 7:11 बजे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लाल किले पहुंचेंगे।
7:18 बजे लाल किले पहुंचेंगे PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 7:18 बजे लाल किले के लाहौरी गेट पहुंचेंगे। यहां रक्षा मंत्री, रक्षा राज्य मंत्री और रक्षा सचिव उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद रक्षा सचिव प्रधानमंत्री का परिचय दिल्ली एरिया के GOC से कराएंगे।
प्रधानमंत्री GOC दिल्ली एरिया के साथ गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वह लिफ्ट या सीढ़ियों के जरिए लाल किले की प्राचीर पर पहुंचेंगे। वहां रक्षा मंत्री, रक्षा राज्य मंत्री, CDS और तीनों सेनाओं के प्रमुख प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे।
7:30 बजे होगा ध्वजारोहण
सुबह 7:30 बजे राष्ट्रीय गीत के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसके बाद गार्ड की ओर से राष्ट्रीय सलामी दी जाएगी और सेना का बैंड राष्ट्रगान बजाएगा। इसी दौरान 21 तोपों की सलामी भी दी जाएगी।
समारोह के दौरान भारतीय वायुसेना के Mi-17 हेलिकॉप्टर फ्लाईपास्ट करते हुए मेहमानों पर फूलों की पंखुड़ियों की वर्षा करेंगे। हेलिकॉप्टरों पर तिरंगा और वंदे मातरम ध्वज भी नजर आएगा।
7:36 बजे देश को संबोधित करेंगे PM मोदी
ध्वजारोहण समारोह के बाद सुबह 7:36 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से देशवासियों को संबोधित करेंगे। अपने संबोधन के जरिए प्रधानमंत्री सरकार की उपलब्धियों, देश की प्राथमिकताओं और भविष्य की दिशा को लेकर संदेश दे सकते हैं।
प्रधानमंत्री के भाषण के बाद राष्ट्रीय गीत और फिर राष्ट्रगान होगा। इसके बाद गुब्बारे छोड़े जाएंगे।
समारोह के बाद क्या होगा?
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री प्राचीर से नीचे आएंगे। सीढ़ियों के पास रक्षा मंत्री, रक्षा राज्य मंत्री, CDS और तीनों सेनाओं के प्रमुख उन्हें विदा करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री रक्षा सचिव और GOC दिल्ली एरिया के साथ लाल किले के निचले हिस्से में पहुंचेंगे और वहां से रवाना होंगे।
इस तरह 15 अगस्त के मुख्य समारोह में ध्वजारोहण, 21 तोपों की सलामी, वायुसेना का फ्लाईपास्ट और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन प्रमुख आकर्षण रहेंगे।