Knews Desk– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे और एयर शो के आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है, इसलिए भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने और ऐसी व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए, जिससे आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। बैठक में वायुसेना के अधिकारी भी मौजूद रहे।
समीक्षा बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने नमो घाट पहुंचकर एयर शो की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी और सेना के अधिकारियों ने उन्हें आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने परियोजना के मानचित्र के माध्यम से प्रस्तावित इंतजामों और आयोजन की योजना के विभिन्न पहलुओं को समझाया। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नमो घाट के साथ गंगा के अन्य प्रमुख घाटों पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा। उन्होंने यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, रूट डायवर्जन की प्रभावी योजना तैयार करने और पर्याप्त पार्किंग स्थलों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। पार्किंग स्थलों पर स्पष्ट साइनेज लगाने के साथ पुलिस, यातायात पुलिस और नगर निगम के कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने को भी कहा।
आयोजन स्थल पर समुचित बैरिकेडिंग, पर्याप्त लाइफ जैकेट और आपात स्थिति से निपटने के लिए ग्रीन कॉरिडोर तैयार रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा घाटों पर पर्याप्त मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था करने और सरकारी व निजी अस्पतालों में आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाएं तैयार रखने पर भी जोर दिया गया।मुख्यमंत्री ने बड़े आयोजन को व्यवस्थित बनाने के लिए एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों, युवक मंगल दल और अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग लेने के निर्देश दिए। उन्होंने त्योहारों और अन्य कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल की तैनाती की समुचित योजना बनाने को भी कहा।
शहर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए। नगर निगम को घाटों की विशेष सफाई कराने और व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने को कहा गया। नमो घाट से अस्सी घाट तक पेंटिंग कराने के साथ एयरपोर्ट से शहर तक आने वाले प्रमुख मार्गों पर बिजली के खंभों में स्पाइरल लाइट लगाने और प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण करने के निर्देश दिए गए।बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने जिला प्रशासन तथा पुलिस विभाग की तैयारियों की जानकारी दी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि घाटों पर सिल्ट की सफाई कराई जा रही है। साथ ही 300 मोबाइल टॉयलेट, 400 वाटर टैंकर और तीन हजार सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था की गई है।वाराणसी में प्रस्तावित एयर शो को लेकर प्रशासन तैयारियों में जुटा है। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और सुरक्षा से लेकर स्वच्छता तक सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।