Knews Desk- महाराष्ट्र के नागपुर में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों दोस्त एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए कार से जा रहे थे। इसी दौरान कलमना थाना क्षेत्र में उनकी तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे का खौफनाक वीडियो सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया।
जानकारी के मुताबिक, हादसा भरतवाड़ा चौक के पास सुबह करीब 5 बजे हुआ। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि कार तेज गति से आगे बढ़ रही थी। अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। कार पहले फुटपाथ से टकराई और इसके बाद उछलकर पास में खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
दो दोस्तों ने मौके पर तोड़ा दम
हादसे में कार सवार भौमिक अमोल लारोकर और सागर मेलवानी को गंभीर चोटें आईं। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं कार चला रहा मिहिर आनंद बेहार गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
सूचना मिलने के बाद कलमना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह?
पुलिस की शुरुआती जांच में कार की तेज रफ्तार और चालक के वाहन से नियंत्रण खोने को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं कार में तकनीकी खराबी तो नहीं आई थी या चालक को झपकी लगने की वजह से यह दुर्घटना हुई।
फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को जांच में शामिल कर लिया है और हादसे की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। इस घटना के बाद मृतकों के परिवार में मातम पसरा हुआ है।