US Crime News: भारतीय मूल के किशोर पर मां और भाई की हत्या का आरोप, कार लेकर हुआ फरार; AI से पूछे थे सवाल

Knews Desk- अमेरिका के मैसाचुसेट्स में भारतीय मूल के एक किशोर पर अपनी मां और छोटे भाई की हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना एक्टन इलाके की है, जहां पुलिस ने रातभर तलाशी अभियान चलाने के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से धारदार हथियार भी मिले हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान अर्जुन अरविंद के रूप में हुई है। उस पर अपनी मां सुधा वेंकटेशन और भाई सिद्धार्थ अरविंद की हत्या के अलावा परिवार के एक सदस्य के साथ मारपीट, बिना अनुमति वाहन चलाने और कार चोरी करने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को अर्जुन ने एक्टन स्थित अपने घर में मां और भाई पर हमला किया। इसके बाद वह अपनी मां की होंडा एकॉर्ड कार लेकर वहां से फरार हो गया।

घटना का पता उस समय चला जब शाम करीब 6:30 बजे एक ट्यूटर परिवार से मिलने घर पहुंची। घर में प्रवेश न कर पाने पर उसने अर्जुन के पिता से संपर्क किया। पिता ने भी परिवार के सदस्यों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

पिता ने सुबह आखिरी बार देखा था

जांच में अर्जुन के पिता ने पुलिस को बताया कि उन्होंने बेटे को काम पर जाने से पहले देखा था। वहीं, अर्जुन के भाई सिद्धार्थ को आखिरी बार दोपहर के समय देखा गया था।

पुलिस जब घर पहुंची तो मां और बेटे दोनों मृत मिले। अधिकारियों के अनुसार, मां का शव बेसमेंट में जबकि सिद्धार्थ का शव पहली मंजिल पर मिला।

दोनों के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। हालांकि, मौत की सटीक वजह की आधिकारिक पुष्टि मेडिकल एग्जामिनर की रिपोर्ट आने के बाद होगी। पुलिस ने घटनास्थल से मिले हथियारों को जांच के लिए कब्जे में ले लिया है।

जांच के बाद पुलिस को पता चला कि अर्जुन अपनी मां की कार लेकर फरार हुआ है। बुधवार सुबह मैसाचुसेट्स के वेलैंड इलाके में पुलिस को वही कार एक पार्किंग में खड़ी मिली। आरोपी भी कार के अंदर मौजूद था, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।

AI से भी पूछे थे सवाल

मामले की जांच के दौरान पुलिस को अर्जुन के ऑनलाइन व्यवहार से जुड़ी कुछ जानकारी भी मिली। अधिकारियों के मुताबिक, वह पिछले कुछ दिनों से असामान्य तरीके से व्यवहार कर रहा था।

पुलिस का दावा है कि आरोपी ने घटना से पहले AI चैटबॉट से हत्या के बाद कहानी तैयार करने से जुड़े सवाल पूछे थे। उसने कथित तौर पर गोथिक नॉवेल जैसी कहानियां लिखने और उनके किरदार तैयार करने में AI की मदद मांगी थी। पुलिस अब इन ऑनलाइन गतिविधियों को भी जांच का हिस्सा बना रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों से जुड़े अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *