दिल्ली लाल किला ब्लास्ट: UN रिपोर्ट में AQIS कनेक्शन का दावा, आतंकी नेटवर्क को लेकर बढ़ी चिंता

Knews Desk- नवंबर 2025 में दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट को लेकर संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में बड़ा दावा सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले का संबंध अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) से पाया गया था। संयुक्त राष्ट्र ने साथ ही चेतावनी दी है कि AQIS धीरे-धीरे दक्षिण एशिया में अपने आतंकी नेटवर्क और लॉजिस्टिक क्षमताओं को मजबूत कर रहा है।

यह जानकारी संयुक्त राष्ट्र की एनालिटिकल सपोर्ट एंड सैंक्शंस मॉनिटरिंग टीम की 38वीं रिपोर्ट में सामने आई है। यह टीम ISIS, अल-कायदा और उनसे जुड़े आतंकी संगठनों की गतिविधियों पर नजर रखती है और अपनी रिपोर्ट संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की संबंधित समिति को सौंपती है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि AQIS पहले की तुलना में अधिक संगठित तरीके से काम कर रहा है। संगठन ने वित्तीय और लॉजिस्टिक नेटवर्क तैयार किए हैं और बड़े केंद्रीकृत ढांचे के बजाय छोटे तथा विकेंद्रीकृत समूहों के जरिए अपनी गतिविधियां संचालित कर रहा है।

रिपोर्ट में नवंबर 2025 में दिल्ली के लाल किले के पास हुए हमले को AQIS से जुड़ा बताया गया है। हालांकि, मामले की जांच अभी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) कर रही है।

बांग्लादेश में नेटवर्क फैलाने की आशंका

संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में AQIS के संभावित विस्तार को लेकर भी चिंता जताई गई है। इसमें आशंका व्यक्त की गई है कि संगठन बांग्लादेश का इस्तेमाल अपनी नई इकाइयां स्थापित करने के लिए कर सकता है।

रिपोर्ट के अनुसार, दुनियाभर में आतंकी खतरा मोटे तौर पर पहले जैसा ही बना हुआ है, लेकिन दक्षिण एशिया और साहेल क्षेत्र में स्थिति अधिक गंभीर हुई है। पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सीमा पर जारी तनाव को भी क्षेत्रीय अस्थिरता की एक वजह बताया गया है।

TTP और तालिबान का भी जिक्र

रिपोर्ट में तालिबान प्रशासन पर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) को समर्थन देने के आरोपों का भी उल्लेख किया गया है। इसके चलते पाकिस्तान में आतंकी हमलों में बढ़ोतरी की बात कही गई है। हालांकि, तालिबान इन आरोपों से इनकार करता रहा है और उसका कहना है कि वह किसी आतंकी संगठन को पनाह नहीं देता।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि AQIS, इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन पाकिस्तान की प्रमुख ताकतों में शामिल है। इस संगठन को कई हमलों से जोड़कर देखा गया है। रिपोर्ट के मुताबिक AQIS के कुछ वरिष्ठ नेता अब भी काबुल में मौजूद हैं और कथित तौर पर उन्हें पहचान संबंधी दस्तावेज भी जारी किए गए हैं।

NIA कर रही दिल्ली ब्लास्ट की जांच

नवंबर 2025 में दिल्ली के लाल किले के पास एक कार में जोरदार धमाका हुआ था। इस घटना में 8 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।

मामले की जांच NIA कर रही है। जांच एजेंसियों ने इस घटना को ऐसे नेटवर्क से जोड़कर देखा है, जिसमें पेशेवर लोगों के साथ AQIS से जुड़े संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट सामने आने के बाद दिल्ली ब्लास्ट की जांच और दक्षिण एशिया में AQIS के बढ़ते नेटवर्क को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की चिंताएं एक बार फिर चर्चा में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *