India’s Got Latent में तंजानियाई छात्र की बात से भड़के भारतीय, टैक्सपेयर्स ने उठाए सवाल

Knews Desk– स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना का चर्चित शो ‘India’s Got Latent’ एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में है। इस बार वजह किसी कॉमेडी या विवादित जोक को नहीं, बल्कि शो में आए एक तंजानियाई छात्र के कथित खुलासे को बताया जा रहा है। छात्र की बात का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे लेकर भारतीय टैक्सपेयर्स में नाराजगी देखने को मिल रही है। कई यूजर्स ने सवाल उठाया है कि अगर सरकार की ओर से मिलने वाली छात्रवृत्ति और स्टाइपेंड का पैसा भारत में पढ़ने वाले विदेशी छात्र को दिया जा रहा है और उसका एक हिस्सा विदेश भेजा जा रहा है, तो इसकी प्रक्रिया क्या है।

दरअसल, पूरा मामला उस समय सामने आया जब नेहा पटेल नाम की एक X यूजर ने ‘India’s Got Latent’ का एक वीडियो क्लिप शेयर किया। वीडियो में तंजानिया से आया एक छात्र शो में मौजूद नजर आता है। बातचीत के दौरान उससे उसकी पढ़ाई और कमाई से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं। इसी दौरान छात्र कथित तौर पर बताता है कि भारत में पढ़ाई के दौरान उसे सरकार की तरफ से स्कॉलरशिप और हर महीने स्टाइपेंड मिलता है।वीडियो के मुताबिक, छात्र से जब पूछा जाता है कि वह पैसे कैसे कमाता है, तो वह बताता है कि सरकार से मिलने वाले पैसे में से कुछ राशि बचा लेता है। इसके बाद वह कथित तौर पर कहता है कि बचाए गए पैसों को वह तंजानिया में अपनी मां को भेज देता है। छात्र की यह बात सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और इसके बाद बहस शुरू हो गई।

वीडियो सामने आने के बाद कई भारतीय टैक्सपेयर्स ने नाराजगी जताई। कुछ यूजर्स ने सवाल किया कि भारतीय नागरिकों से लिए जाने वाले टैक्स से अगर किसी विदेशी छात्र को छात्रवृत्ति या आर्थिक सहायता मिलती है, तो ऐसी योजनाओं के नियम क्या हैं। वहीं कुछ लोगों ने इस बात पर भी आपत्ति जताई कि सरकारी सहायता के तहत मिलने वाली राशि का इस्तेमाल विदेश में परिवार को पैसे भेजने के लिए किया जा रहा है या नहीं।सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ यूजर्स ने तीखे अंदाज में लिखा, ‘मैं इसके लिए टैक्स नहीं भरता!’ वहीं कुछ लोगों ने सरकार से इस मामले में स्पष्ट जानकारी देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर विदेशी छात्रों के लिए छात्रवृत्ति की कोई आधिकारिक योजना है, तो उसके नियम और पात्रता सार्वजनिक रूप से स्पष्ट होने चाहिए।

हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। छात्र को मिलने वाली छात्रवृत्ति किस योजना के तहत है, उसकी राशि कितनी है और उसे विदेश भेजने के संबंध में क्या नियम लागू होते हैं, इन सवालों पर आधिकारिक जानकारी सामने आना अभी बाकी है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि छात्र ने वीडियो में कही गई बात किस संदर्भ में कही थी।सोशल मीडिया पर वायरल इस क्लिप ने एक बार फिर सरकारी योजनाओं, विदेशी छात्रों को मिलने वाली सहायता और टैक्सपेयर्स के पैसे के इस्तेमाल को लेकर बहस छेड़ दी है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि संबंधित सरकारी विभाग या शो की ओर से इस वायरल दावे को लेकर कोई सफाई सामने आती है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *