Knews Desk- ग्लासगो में जारी कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पांचवें दिन भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारतीय दल के खाते में अब कुल 5 पदक हो चुके हैं। महिला वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव ने 53 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। वहीं एथलेटिक्स, बॉक्सिंग और स्विमिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर अगले दौर में जगह बनाई है।
- मीराबाई चानू – महिला 48 किग्रा वेटलिफ्टिंग – गोल्ड
- ऋषिकांत सिंह – पुरुष 60 किग्रा वेटलिफ्टिंग – सिल्वर
- राजा मुथुपांडी – पुरुष 65 किग्रा वेटलिफ्टिंग – सिल्वर
- झंडू कुमार – हेवीवेट पैरा पावरलिफ्टिंग – ब्रॉन्ज
- ज्ञानेश्वरी यादव – महिला 53 किग्रा वेटलिफ्टिंग – सिल्वर
महिला 53 किग्रा वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में ज्ञानेश्वरी यादव ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। स्नैच में उन्होंने 88 किलोग्राम वजन उठाकर दूसरा स्थान बनाया। क्लीन एंड जर्क में भी उन्होंने कड़ी टक्कर दी, लेकिन नाइजीरिया की ओनोमे ओमोलोला डिडिह ने कुल प्रदर्शन के आधार पर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
मुरली श्रीशंकर और लोकेश सत्यनाथन फाइनल में
भारत के स्टार लॉन्ग जम्पर मुरली श्रीशंकर ने पहली ही कोशिश में 8.01 मीटर की छलांग लगाकर सीधे फाइनल में प्रवेश कर लिया। वहीं लोकेश सत्यनाथन ने 7.77 मीटर की छलांग के साथ शीर्ष-12 में जगह बनाते हुए फाइनल के लिए क्वालिफाई किया।
पुरुषों की 60 किग्रा बॉक्सिंग स्पर्धा में भारत के सचिन सिवाच ने इंग्लैंड के विलियम हेविट को स्प्लिट डिसीजन से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। मुकाबले के दौरान एक अंक कटने के बावजूद उन्होंने अंतिम राउंड में शानदार वापसी की।
साजन प्रकाश और स्वातिक पाटिल ने बनाई फाइनल में जगह
तैराक साजन प्रकाश पुरुषों की 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा के फाइनल में पहुंच गए हैं। वहीं पैरा स्विमिंग में स्वातिक पाटिल ने पुरुषों की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक SB9 स्पर्धा में 1:15.85 का समय निकालते हुए फाइनल के लिए क्वालिफाई किया।
110 मीटर हर्डल्स में तेजस अशोक शिर्से ने 13.76 सेकंड का समय लेकर फाइनल में जगह बनाई और भारत की पदक उम्मीदों को बरकरार रखा।
गुरिंदरवीर सिंह का अभियान खत्म
भारत के ‘फास्टेस्ट मैन’ गुरिंदरवीर सिंह पुरुषों की 100 मीटर स्प्रिंट में 10.39 सेकंड का समय निकाल सके। वह अपनी हीट में दूसरे स्थान पर रहे, लेकिन कुल प्रदर्शन के आधार पर अगले दौर में जगह बनाने में सफल नहीं हो सके।
इससे पहले पुरुषों की 65 किग्रा वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में राजा मुथुपांडी ने कुल 286 किलोग्राम (126 किग्रा स्नैच + 160 किग्रा क्लीन एंड जर्क) वजन उठाकर सिल्वर मेडल जीता था। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक मलेशिया के अजनील बिन बिदिन मोहम्मद ने जीता।