Spirit: प्रभास की फिल्म में कैटरीना कैफ के कैमियो पर सस्पेंस, मेकर्स के सामने रखी ये बड़ी शर्त

KNEWS DESK – साउथ सुपरस्टार प्रभास की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘स्पिरिट’ लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म को लेकर लंबे समय से खबरें हैं कि बॉलीवुड अभिनेत्री कैटरीना कैफ इसमें एक खास कैमियो करती नजर आ सकती हैं। हालांकि, अब तक उनकी एंट्री आधिकारिक तौर पर तय नहीं हुई है। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैमियो रोल को लेकर बातचीत जारी है, लेकिन एक अहम शर्त पर मामला अटका हुआ है।

कैमियो रोल के लिए हुई बातचीत

रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म के मेकर्स ने कैटरीना कैफ से कैमियो रोल के लिए संपर्क किया है। बताया जा रहा है कि उनका किरदार छोटा लेकिन अहम होगा, जिसके लिए करीब पांच दिन की शूटिंग करनी होगी। हालांकि, अभी तक इस रोल को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

वर्किंग आवर्स को लेकर अटकी बात

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैटरीना कैफ ने शूटिंग के लिए फ्लेक्सिबल वर्किंग आवर्स की मांग की है। कहा जा रहा है कि वह तय समय के भीतर ही शूटिंग पूरी करना चाहती हैं। इसी मुद्दे पर निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा और एक्ट्रेस के बीच बातचीत चल रही है। जब तक दोनों पक्ष शेड्यूल को लेकर सहमत नहीं हो जाते, तब तक उनकी कास्टिंग फाइनल नहीं मानी जाएगी।

फिलहाल फिल्म की टीम या कटरीना कैफ की ओर से कैमियो को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में ‘स्पिरिट’ में उनकी मौजूदगी को लेकर सस्पेंस बरकरार है।

दमदार स्टारकास्ट के साथ आएगी ‘स्पिरिट’

‘स्पिरिट’ में प्रभास मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, जबकि तृप्ति डिमरी फीमेल लीड में नजर आएंगी। फिल्म में विवेक ओबेरॉय भी अहम भूमिका निभाएंगे। इस पैन इंडिया प्रोजेक्ट का निर्माण टी-सीरीज और भद्रकाली पिक्चर्स के बैनर तले किया जा रहा है।

निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा की इस फिल्म को हिंदी, तेलुगु, तमिल, मलयालम और कन्नड़ समेत कई भाषाओं में 5 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। प्रभास के फैंस को इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं, खासकर ‘द राजा साब’ के बाद यह उनके करियर की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *