ग्रेटर नोएडा में 6 वर्षीय अव्यान की मौत के बाद बड़ा एक्शन, लापरवाही पर ठेकेदार ब्लैकलिस्ट

कलाधाम सोसाइटी में बोरवेल के लिए खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मासूम की मौत। प्राधिकरण ने ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर की सिफारिश की, दो सुपरवाइजरों की सेवाएं समाप्त कीं

Knews Desk– ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-2 स्थित कलाधाम सोसाइटी में छह वर्षीय अव्यान सूर्या की दर्दनाक मौत के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने कड़ी कार्रवाई की है। प्रारंभिक जांच में निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आने के बाद संबंधित ठेकेदार की कंपनी को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। साथ ही ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर भी सौंपी गई है।

जानकारी के अनुसार, सोसाइटी में जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बोरवेल निर्माण का काम चल रहा था। इसके लिए खोदे गए गड्ढे में पानी भर गया था, लेकिन वहां न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई सुरक्षा व्यवस्था मौजूद थी। शनिवार शाम खेलते समय केंद्रीय विद्यालय के उपप्रधानाचार्य सीवान यादव के छह वर्षीय बेटे अव्यान सूर्या का पैर फिसल गया और वह पानी से भरे गड्ढे में गिर गया। डूबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एन.जी. रवि कुमार ने मामले का संज्ञान लिया और तत्काल जांच के निर्देश दिए। जांच में सामने आया कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सुरक्षा संबंधी आवश्यक इंतजाम नहीं किए गए थे और ठेकेदार ने विभागीय अधिकारियों को कार्य शुरू होने की सूचना भी नहीं दी थी।

प्राधिकरण ने इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए ठेकेदार फर्म सुप्रीम इंडस्ट्रियल कॉरपोरेशन को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। वहीं, फर्म के प्रोपराइटर मनोज कुमार जैन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए नॉलेज पार्क थाने में तहरीर दी गई है।

मामले में जल विभाग के तकनीकी सुपरवाइजर आकाश कुमार और सुपरवाइजर जॉनी कुमार की भी लापरवाही सामने आई। दोनों कर्मचारियों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं और इनके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने की मांग पुलिस से की गई है।

घटना के बाद प्राधिकरण के अधिकारियों ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित कराए। सीईओ ने सभी विभागों और वर्क सर्किलों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी निर्माण कार्य की शुरुआत बिना बैरिकेडिंग और आवश्यक सुरक्षा उपायों के नहीं की जाएगी। यदि भविष्य में सुरक्षा नियमों की अनदेखी पाई गई तो संबंधित अधिकारी और ठेकेदार दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने मासूम की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *