₹4200 करोड़ का लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पहली बारिश में धंसा, उद्घाटन के 12 दिन बाद सामने आई बड़ी खामी

उन्नाव में एक्सप्रेसवे की एक लेन का हिस्सा धंसने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल। NHAI ने शुरू कराया मरम्मत कार्य, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल।

Knews Desk- उत्तर प्रदेश के महत्वाकांक्षी लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर पहली ही बारिश ने निर्माण गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब ₹4200 करोड़ की लागत से बने इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन हुए अभी 12 दिन ही हुए थे कि उन्नाव में सड़क का एक हिस्सा धंस गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने मौके पर मरम्मत का काम शुरू करा दिया है।

कानपुर से लखनऊ की ओर जाने वाली लेन पर किलोमीटर संख्या-64 के पास करीब चार मीटर लंबा और दो मीटर चौड़ा हिस्सा धंस गया। सड़क धंसने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही यह तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद NHAI की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत शुरू कर दी।

13 जुलाई को हुआ था उद्घाटन

63 किलोमीटर लंबे लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 13 जुलाई को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। उद्घाटन समारोह के दौरान इसे अत्याधुनिक तकनीक से निर्मित और प्रदेश के सबसे मजबूत एक्सप्रेसवे में से एक बताया गया था।

करीब ₹4200 करोड़ की लागत से तैयार इस एक्सप्रेसवे में उद्घाटन के महज 12 दिन बाद आई इस तकनीकी खामी ने निर्माण गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहली ही बारिश में सड़क धंसने की घटना को लेकर लोगों के बीच भी कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

विपक्ष ने साधा सरकार पर निशाना

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद विपक्षी दलों ने भी सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। समाजवादी पार्टी समेत कई नेताओं ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

फिलहाल NHAI की टीम क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत में जुटी हुई है। साथ ही सड़क धंसने के कारणों की भी जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सड़क तकनीकी कारणों से धंसी या इसके पीछे निर्माण संबंधी कोई खामी जिम्मेदार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *