ग्रेटर नोएडा में वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की 5 बाइक और अवैध तमंचा बरामद

Knews Desk- ग्रेटर नोएडा की इकोटेक-1 थाना पुलिस ने मास्टर चाबी की मदद से बाइक चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें और एक अवैध तमंचा बरामद किया है. आरोपी सुनसान इलाकों और नो-पार्किंग में खड़े वाहनों को निशाना बनाकर चोरी करता था और बाद में उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में बेच देता था.

पुलिस कार्रवाई कैसे हुई?

पुलिस को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर इकोटेक-1 थाना पुलिस ने लुक्सर गांव के पास निर्माणाधीन चौराहे पर दबिश दी. यहां से बुलंदशहर निवासी जसवंत उर्फ भोला, पुत्र ओमवीर सिंह, को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में उसके वाहन चोरी के नेटवर्क का खुलासा हुआ.

मास्टर चाबी से करता था बाइक चोरी

इकोटेक-1 थाना प्रभारी अरविंद वर्मा के अनुसार, आरोपी के पास एक विशेष मास्टर-की थी, जिसकी मदद से वह कुछ ही पलों में मोटरसाइकिल का लॉक खोल देता था. वह ऐसी जगहों पर खड़ी बाइकों को निशाना बनाता था जहां निगरानी कम होती थी या लोगों की आवाजाही नहीं रहती थी.

चोरी के बाद ऐसे लगाता था ठिकाने

पुलिस जांच में सामने आया कि बाइक चोरी करने के बाद आरोपी उन्हें पहले सुनसान स्थानों पर छिपा देता था. इसके बाद कम दाम में ग्रामीण इलाकों के लोगों को बेच देता था. वह खासतौर पर स्प्लेंडर जैसी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाता था, क्योंकि उनके लॉक आसानी से खोले जा सकते थे.

पूछताछ में हुए अहम खुलासे

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह हरियाणा से चोरी की गई मोटरसाइकिलें भी लाकर आसपास के देहात क्षेत्रों में बेचता था. वहीं, स्थानीय स्तर पर चोरी की गई बाइकों को दूसरे जिलों में खपाता था. पुलिस अब उसके अन्य साथियों और आपराधिक गतिविधियों की भी जांच कर रही है.

पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वह किन-किन राज्यों में वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *