Knews Desk- युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यादगार शुरुआत करते हुए इतिहास रच दिया। जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में उन्होंने केवल 18 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर सबसे कम उम्र में टी20 इंटरनेशनल फिफ्टी लगाने का नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने अपनी पारी में 4 छक्के और 4 चौके लगाए। हालांकि अर्धशतक पूरा करने के तुरंत बाद वह आउट हो गए। वैभव ने 19 गेंदों पर 50 रन की विस्फोटक पारी खेली।
इंग्लैंड दौरे पर लगातार तीन टी20 मैचों में असफल रहने के बावजूद वैभव ने अपना स्वाभाविक आक्रामक खेल नहीं छोड़ा। उन्होंने शुरुआत से ही जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर दबाव बनाया। दूसरे ओवर में तेज गेंदबाज रिचर्ड एन्गारवा के खिलाफ उन्होंने लगातार बड़े शॉट लगाए। इसी ओवर में 99 मीटर लंबा छक्का भी जड़ा और कुल 20 रन बटोरे। इसके बाद चौथे और पांचवें ओवर में भी उन्होंने चौकों-छक्कों की बारिश जारी रखी, जिससे भारतीय टीम को तेज शुरुआत मिली।
रिकॉर्ड बुक में दर्ज हुआ नाम
महज 15 साल 118 दिन की उम्र में टी20 इंटरनेशनल में अर्धशतक लगाने वाले वैभव सूर्यवंशी दुनिया के सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह उपलब्धि अफगानिस्तान के रहमनुल्लाह गुरबाज के नाम थी, जिन्होंने 17 साल 296 दिन की उम्र में टी20 अंतरराष्ट्रीय फिफ्टी लगाई थी।
भारतीय क्रिकेट में भी बनाया नया इतिहास
वैभव सूर्यवंशी अब भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं। उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 16 साल 213 दिन की उम्र में पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक लगाया था। वैभव की इस शानदार पारी ने भारतीय क्रिकेट को एक नया उभरता सितारा दे दिया है।