छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में CJP का बड़ा ऐलान, कल देशभर में होगा शांतिपूर्ण प्रदर्शन

KNEWS DESK – कॉकरोज जनता पार्टी (CJP) ने शुक्रवार को देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पार्टी ने सोशल मीडिया के जरिए छात्रों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से पुलिस कार्रवाई के खिलाफ एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। CJP के अनुसार, देश के सभी जिलों में प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।

छात्र संगठनों से एकजुट होने की अपील

CJP की ओर से जारी पोस्टर में छात्र संगठनों और अन्य सामाजिक संगठनों से मिलकर प्रदर्शन आयोजित करने की अपील की गई है। पार्टी ने कहा है कि प्रदर्शन के लिए आवश्यक अनुमति और अन्य व्यवस्थाएं भी आपसी समन्वय से की जाएं।

साथ ही प्रदर्शन के दौरान छात्रों की मांगों को सार्वजनिक रूप से पढ़ने और पुलिस कार्रवाई से प्रभावित लोगों के प्रति एकजुटता दिखाने की भी अपील की गई है।

जंतर-मंतर पर कई दिनों से जारी है प्रदर्शन

CJP समर्थक छात्र पिछले कई दिनों से नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। हाल के दिनों में प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई।

पुलिस का दावा है कि प्रदर्शनकारियों की ओर से पत्थरबाजी की गई, जिसमें एक एसीपी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए। वहीं, प्रदर्शनकारी पुलिस पर बल प्रयोग और बर्बरता का आरोप लगा रहे हैं।

क्या हैं CJP की प्रमुख मांगें?

CJP ने नीट पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कई मांगें रखी हैं। इनमें प्रमुख रूप से—

  • केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा।
  • पेपर लीक मामले पर संसद में विस्तृत चर्चा।
  • भविष्य में पेपर लीक रोकने के लिए प्रभावी और सख्त व्यवस्था।
  • प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएं।
  • पुलिस कार्रवाई में घायल छात्रों को उचित मुआवजा दिया जाए।

सरकार ने बातचीत के लिए भेजा प्रस्ताव

इस बीच केंद्र सरकार ने कहा है कि वह CJP और प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत के लिए पूरी तरह तैयार है।

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार ने बुधवार दोपहर से अब तक प्रतिनिधियों को बातचीत के लिए चार औपचारिक प्रस्ताव भेजे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की सुविधा के अनुसार किसी भी समय सभी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए तैयार है।

जितेंद्र सिंह ने बताया कि बातचीत केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के कार्यालय या उनके आवास पर हो सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार किसी प्रतिष्ठा के मुद्दे पर अड़ी नहीं है और संवाद के माध्यम से समाधान निकालना चाहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *