सुपौल में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। युवती ने अपने मामा और बहनोई पर आरोप लगाया है कि प्रेमी से मिलाने के बहाने वे उसे कोसी नदी के किनारे ले गए और तेज बहाव में धक्का दे दिया। नदी में डूब रही युवती की चीख सुनकर तटबंध पर तैनात JE और मजदूर ने साहस दिखाते हुए उसकी जान बचा ली।
Knews Desk- बिहार के सुपौल जिले में मंगलवार देर रात एक युवती के साथ कथित तौर पर जानलेवा घटना का मामला सामने आया है। सदर प्रखंड के बसबिट्टी पंचायत स्थित कोसी तटबंध पर उफनती नदी में बह रही युवती को कनीय अभियंता (JE) और एक मजदूर ने अपनी जान जोखिम में डालकर बचा लिया।
बताया जा रहा है कि JE चितरंजन कुमार और मजदूर सुभाष कुमार तटबंध पर ड्यूटी कर रहे थे। रात में खाना खाने के बाद जब दोनों बाहर आए, तभी उन्हें कोसी नदी की ओर से किसी युवती के जोर-जोर से मदद मांगने की आवाज सुनाई दी।
आवाज सुनते ही दोनों टॉर्च लेकर नदी की तरफ पहुंचे। हालात को गंभीर देखते हुए मजदूर सुभाष कुमार ने बिना देरी किए उफनती कोसी नदी में छलांग लगा दी। काफी प्रयास के बाद उन्होंने युवती को पकड़कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्रेम संबंध को लेकर परिवार से विवाद का आरोप
बचाए जाने के बाद युवती ने अपनी पहचान आशा कुमारी के रूप में बताई। वह सुपौल सदर प्रखंड के लखनिपट्टी गांव की रहने वाली है। युवती ने पुलिस को बताया कि उसका एक युवक से प्रेम संबंध था, लेकिन परिवार वाले इस रिश्ते के खिलाफ थे।
आशा के मुताबिक, करीब एक महीने पहले उसकी इच्छा के खिलाफ उसकी शादी किसी दूसरे युवक से करा दी गई थी। वह अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती थी और अपने प्रेमी के पास जाना चाहती थी।
मामा और बहनोई पर नदी में धक्का देने का आरोप
युवती का आरोप है कि मंगलवार रात उसके मामा और बहनोई ने उसे प्रेमी से मिलाने का भरोसा दिलाया और घर से अपने साथ ले गए। इसके बाद पिपरा खुर्द के पास कोसी नदी के किनारे पहुंचने पर दोनों ने कथित तौर पर उसे नदी में धक्का दे दिया।
नदी के तेज बहाव में बहते हुए युवती किसी तरह तटबंध के पास बने स्पर तक पहुंची और मदद के लिए आवाज लगाती रही। इसी दौरान वहां मौजूद JE और मजदूर ने उसकी आवाज सुनी और उसे बचा लिया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना के बाद JE चितरंजन कुमार ने तुरंत डायल-112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम युवती को अपने साथ ले गई।
डायल-112 में तैनात एएसआई दीपक कुमार सिंह ने बताया कि युवती ने अपने मामा और बहनोई पर नदी में धक्का देने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।