लखनऊ में बिना नंबर की थार ने बाइक को 100 मीटर तक घसीटा, युवक गंभीर घायल

डीएवी कॉलेज फ्लाईओवर पर देर रात हुआ हादसा, टक्कर के बाद बोनट में फंसी बाइक; लोगों ने दो युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया

Knews Desk- लखनऊ के नाका थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक थार के बोनट में फंस गई और करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

घटना डीएवी कॉलेज फ्लाईओवर की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बिना नंबर की थार में कुछ युवक और एक युवती सवार थे। तेज रफ्तार से आ रही थार ने सामने से गुजर रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार युवक उछलकर सड़क पर गिर गया, जबकि बाइक गाड़ी के अगले हिस्से में फंस गई।

लोगों ने पीछा कर पकड़े थार सवार

हादसे के बाद थार चालक बाइक को काफी दूर तक घसीटता रहा। इसी दौरान अचानक गाड़ी बंद हो गई, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर थार सवारों को पकड़ने की कोशिश की। भीड़ ने दो युवकों को पकड़ लिया और उन्हें नाका पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, थार में मौजूद एक युवती और दो अन्य युवक भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए।

घायल युवक की पहचान में जुटी पुलिस

नाका थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने बताया कि बाइक सवार युवक की हालत गंभीर है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल घायल की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस बाइक और युवक के पास मिले सामान के आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।

पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, पीड़ित की तहरीर मिलने के बाद मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वहीं, पकड़े गए युवकों से पूछताछ कर फरार लोगों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *