रतलाम में मॉडलिंग के नाम पर युवती को फंसाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले काम दिलाने का झांसा देकर उसकी तस्वीरें हासिल कीं और फिर AI तकनीक से छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक तस्वीरें व वीडियो तैयार कर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
Knews Desk- मध्य प्रदेश के रतलाम में एक मॉडल युवती के साथ साइबर ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने मॉडलिंग असाइनमेंट दिलाने का लालच देकर युवती से संपर्क किया और उसकी प्रोफाइल फोटो हासिल कर ली। इसके बाद आरोपी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से युवती की फर्जी अश्लील तस्वीरें और वीडियो तैयार कर उसे भेजे।
आरोपी ने इन तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हुए युवती से 15 लाख रुपये की मांग की। पीड़िता के मुताबिक, जब उसने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी ने उस पर अपनी अन्य महिला परिचितों से संपर्क कराने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
व्हाट्सऐप मैसेज से शुरू हुई थी बातचीत
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 23 जून की रात उसे व्हाट्सऐप पर एक मैसेज आया था। इसके बाद आरोपी ने फोन कर पूछा कि क्या वह विज्ञापन और मॉडलिंग के क्षेत्र में काम करती है। युवती के हां कहने पर आरोपी ने उसकी प्रोफाइल और तस्वीरें मांगीं, जो उसने व्हाट्सऐप के जरिए भेज दीं।
इसके बाद आरोपी लगातार उससे संपर्क करने लगा और मॉडलिंग प्रोजेक्ट दिलाने का भरोसा देता रहा। कुछ दिनों बाद आरोपी ने AI से तैयार किया गया एक आपत्तिजनक वीडियो युवती को भेज दिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर रुपये मांगे।
वीडियो कॉल के दौरान रिकॉर्ड किया आपत्तिजनक वीडियो
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने दबाव बनाकर उसे वीडियो कॉल करने के लिए मजबूर किया। कॉल के दौरान आरोपी ने खुद का कैमरा बंद रखा और युवती पर आपत्तिजनक हरकत करने का दबाव बनाया। डर के कारण युवती उसकी बातों में आ गई और आरोपी ने कथित तौर पर उस दौरान वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों से युवती को धमकियां देना शुरू कर दिया। परेशान होकर युवती ने अपना मोबाइल नंबर और इंस्टाग्राम अकाउंट तक बंद कर दिया, लेकिन आरोपी फिर भी नए नंबरों से संपर्क करता रहा।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी की तलाश जारी
लगातार धमकियों से परेशान होकर युवती ने पूरी घटना अपने परिवार को बताई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। रतलाम पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ASP रतलाम राकेश पंन्द्रो ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है। आरोपी तक पहुंचने के लिए उस मोबाइल नंबर की जांच की जा रही है, जिससे युवती से संपर्क किया गया था। पुलिस साइबर टीम की मदद से पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।