खेलते-खेलते मासूम ने पी लिया सिलाई मशीन का तेल, डेढ़ साल की हानिया की इलाज के दौरान मौत

भोपाल के गौतम नगर इलाके में हुआ दर्दनाक हादसा, एक महीने से ननिहाल में रह रही थी बच्ची; पुलिस ने शुरू की जांच

Knews Desk– भोपाल के गौतम नगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में डेढ़ साल की बच्ची की मौत हो गई। खेलते समय मासूम ने गलती से सिलाई मशीन में इस्तेमाल होने वाला तेल पी लिया था। इलाज के दौरान उसकी हालत बिगड़ने के बाद उसने दम तोड़ दिया। मृत बच्ची की पहचान हानिया खान के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, हानिया के पिता इमरान खान लखनऊ की एक निजी कंपनी में काम करते हैं। कुछ समय पहले उनकी पत्नी अपने जुड़वां बच्चों के साथ भोपाल के करीम बख्श कॉलोनी स्थित मायके आई हुई थीं। बच्ची करीब एक महीने से अपनी मां और परिवार के साथ ननिहाल में रह रही थी।

मां सिलाई कर रही थीं, तभी हुआ हादसा

गौतम नगर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि 16 जुलाई की रात बच्ची की मां सिलाई मशीन पर काम कर रही थीं। इसी दौरान दोनों बच्चे आसपास खेल रहे थे। खेलते-खेलते हानिया ने सिलाई मशीन में रखी तेल की शीशी उठा ली और अनजाने में उसमें मौजूद तेल पी लिया।

शुरुआत में परिवार को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। कुछ समय बाद बच्ची की तबीयत खराब होने लगी, जिसके बाद परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। शुरुआती दो दिनों में बच्ची की हालत में कुछ सुधार भी नजर आया, लेकिन बाद में उसकी स्थिति दोबारा गंभीर हो गई।

इलाज के दौरान तोड़ा दम, पुलिस ने शुरू की जांच

18 जुलाई को अस्पताल प्रशासन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इलाज के दौरान 19 जुलाई की रात मासूम की मौत हो गई।

बच्ची की मौत के बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें कानूनी प्रक्रिया की जानकारी देकर समझाया। इसके बाद परिवार पोस्टमार्टम के लिए राजी हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

सिलाई मशीन का तेल बच्चों के लिए हो सकता है खतरनाक

चिकित्सकों के अनुसार, सिलाई मशीन का तेल हाइड्रोकार्बन आधारित पदार्थ होता है। इसे पीने के बाद बच्चों को जबरदस्ती उल्टी नहीं करानी चाहिए, क्योंकि उल्टी के दौरान तेल फेफड़ों तक पहुंच सकता है। इससे केमिकल निमोनाइटिस जैसी गंभीर समस्या हो सकती है, जिसमें फेफड़ों में सूजन आ जाती है और स्थिति जानलेवा भी बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *