KNEWS DESK – अभिनेता सिद्धार्थ इन दिनों अपनी अपकमिंग वेब सीरीज ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ को लेकर चर्चा में हैं। कारगिल युद्ध की सच्ची घटनाओं पर आधारित इस सीरीज के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में एक ऐसा भावुक पल देखने को मिला, जब सिद्धार्थ खुद को रोक नहीं पाए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।
दरअसल, लॉन्च इवेंट के दौरान सिद्धार्थ की मुलाकात शहीद स्क्वाड्रन लीडर अजय आहूजा की पत्नी अलका आहूजा से हुई। बातचीत के दौरान अलका ने कुछ ऐसा कहा, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया।
शहीद की पत्नी की बात सुन भावुक हुए सिद्धार्थ
इवेंट में अलका आहूजा को मंच पर बुलाया गया था। उन्होंने सीरीज के निर्माताओं और पूरी टीम का धन्यवाद किया कि उन्होंने उनके पति अजय आहूजा की वीरता की कहानी को पर्दे पर दिखाने की कोशिश की।
इस दौरान सिद्धार्थ ने भी मेकर्स और अलका आहूजा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि असली हीरो वही हैं, जिनकी कहानियों से युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए।
https://www.instagram.com/reels/DbA4vjFq5Wg/
सिद्धार्थ ने कहा, “कल अभिजीत परमार और मैंने काफी देर तक बात की। हमने आपके बारे में बहुत कुछ बताया। इस कहानी को बताने की अनुमति देने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। आपके बिना हम ऐसा नहीं कर पाते।”
‘मेरे पास अजय के कोई वीडियो नहीं हैं…’
सिद्धार्थ की बात का जवाब देते हुए अलका आहूजा ने कहा, “मेरे पास अजय के कोई वीडियो नहीं हैं। कम से कम अब मेरे पास अजय की एक तस्वीर तो है।”
अलका के इस जवाब ने सिद्धार्थ को भावुक कर दिया। वह कुछ देर के लिए मंच पर ही रो पड़े और फिर अपना चेहरा दूसरी तरफ करके आंसू पोंछते नजर आए। इस दौरान एक्टर आर्म सपोर्ट पहने हुए भी दिखाई दिए।
कारगिल युद्ध के वीर मिशन की कहानी है ‘ऑपरेशन सफेद सागर’
‘ऑपरेशन सफेद सागर’ साल 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना के गोल्डन एरो स्क्वाड्रन के साहस और बलिदान की कहानी पर आधारित है। यह सीरीज उन जवानों के जज्बे को दिखाएगी, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपनी जान तक कुर्बान कर दी।
सीरीज का निर्देशन ओनी सेन ने किया है, जबकि इसके निर्माता अभिजीत सिंह परमार और कुशल श्रीवास्तव हैं।
7 अगस्त को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी सीरीज
इस वेब सीरीज में सिद्धार्थ के अलावा जिम्मी शेरगिल, विजय पाठक, दीया मिर्जा, पवन चोपड़ा, आदित्य सिंह रघुवंशी, प्राजक्ता कोली और महिर आहूजा जैसे कलाकार नजर आएंगे।
‘ऑपरेशन सफेद सागर’ 7 अगस्त 2026 को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। ट्रेलर सामने आने के बाद दर्शकों में इस सीरीज को लेकर उत्सुकता काफी बढ़ गई है।