27 कॉल कर प्रेमिका को जंगल बुलाया, फिर पत्थर से उतारा मौत के घाट; शादी के दबाव से नाराज था आरोपी

सीधी के कोष्टा पवई जंगल में मिले युवती के कंकाल की गुत्थी सुलझी, प्रेमी ने कबूला हत्या का जुर्म; पुलिस ने DNA और कॉल डिटेल से आरोपी तक पहुंच बनाई

Knews Desk- मध्य प्रदेश के सीधी जिले में कोष्टा पवई जंगल में मिले अज्ञात मानव कंकाल मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि कंकाल करीब 19 वर्षीय प्रियंका साकेत का था, जो बीए फाइनल ईयर की छात्रा थी। पुलिस के मुताबिक, युवती की हत्या उसके प्रेमी पवन कुमार कारपेंटर ने की थी। आरोपी ने शादी को लेकर चल रहे विवाद के बाद वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने चिलरी कला निवासी 20 वर्षीय पवन कुमार को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि प्रियंका और उसके बीच पिछले कई महीनों से प्रेम संबंध थे। युवती उससे शादी करने की मांग कर रही थी, लेकिन आरोपी परिवार की सहमति नहीं होने की बात कहकर शादी से बच रहा था।

27 बार फोन कर मिलने बुलाया

पुलिस जांच के अनुसार, घटना वाले दिन आरोपी ने प्रियंका को कई बार फोन किया। करीब 27 कॉल करने के बाद युवती उससे मिलने के लिए चुरहट पहुंची। इसके बाद दोनों कोष्टा पवई जंगल की ओर चले गए। वहां शादी को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने काफी देर तक प्रियंका को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह शादी की बात पर अड़ी रही। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर उसने पास पड़े पत्थर से युवती के सिर और गर्दन पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद सबूत मिटाने की कोशिश

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए कई सबूत मिटाने की कोशिश की। उसने प्रियंका का मोबाइल बंद कर दिया और उसी फोन से उसकी बहन को मैसेज भेजकर भ्रमित करने का प्रयास किया।

इसके बाद आरोपी ने मोबाइल तोड़कर नरकुई नदी में फेंक दिया, ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिल सके।

DNA और कॉल रिकॉर्ड से खुला मामला

30 जून को कोष्टा पवई जंगल में मानव कंकाल मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने DNA जांच, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की मदद से मृतका की पहचान की।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, सबूत मिटाने और SC/ST एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *