KNEWS DESK – राघव जुयाल और शहनाज गिल के रिश्ते को लेकर पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर लगातार चर्चाएं चल रही हैं। दोनों का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें राघव शहनाज का हाथ पकड़कर उन्हें भीड़ से बचाते नजर आए थे। इस वीडियो के सामने आने के बाद फैंस ने कयास लगाने शुरू कर दिए थे कि दोनों ने अपने रिश्ते को ऑफिशियल कर दिया है। अब इन खबरों पर राघव जुयाल ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए पूरी बात साफ कर दी है।
फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ के प्रमोशन के दौरान राघव ने बातचीत में बताया कि उन्होंने शहनाज की मदद किसी खास रिश्ते की वजह से नहीं, बल्कि अपनी परवरिश और संस्कारों के कारण की थी। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता ने उन्हें हमेशा महिलाओं का सम्मान करना और जरूरत के समय उनकी मदद करना सिखाया है।
‘किसी भी महिला की सुरक्षा के लिए खड़ा रहूंगा’
राघव ने कहा कि अगर उनके सामने कोई महिला परेशानी में होगी तो वह उसकी मदद करने से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा, “मेरे माता-पिता ने मुझे ऐसा इंसान बनाया है जो जरूरत पड़ने पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए हमेशा खड़ा रहे। अगर मेरे साथ कोई महिला है और कुछ लोग उसे परेशान कर रहे हैं, तो मैं चुप नहीं रह सकता।”
उन्होंने आगे कहा कि यह उनके स्वभाव का हिस्सा है और वह अपने दोस्तों, परिवार या उनके साथ मौजूद किसी भी महिला की सुरक्षा के लिए हमेशा तैयार रहेंगे।
स्टार इमेज से ज्यादा जरूरी इंसानियत
राघव ने यह भी कहा कि ऐसे हालात में उन्हें अपनी छवि या लोगों की राय की चिंता नहीं होती। उनके लिए किसी की मदद करना और इंसानियत निभाना ज्यादा जरूरी है। उन्होंने कहा कि डांस और कला उनके व्यक्तित्व का हिस्सा हैं, लेकिन मुश्किल वक्त में उनके संस्कार सबसे पहले सामने आते हैं।
वहीं, शहनाज गिल भी राघव के साथ डेटिंग की खबरों को लेकर अपना रिएक्शन दे चुकी हैं। उन्होंने अपनी निजी जिंदगी पर ज्यादा बात करने से इनकार किया था, लेकिन राघव को अपना अच्छा दोस्त बताया था। दोनों की दोस्ती को लेकर फैंस के बीच काफी चर्चा है, हालांकि दोनों ने अब तक अपने रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।