KNEWS DESK – फीफा वर्ल्ड कप 2026 का रोमांचक सफर खत्म हो चुका है। फाइनल मुकाबले में स्पेन ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर दूसरी बार विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इस हार के साथ ही लियोनेल मेस्सी का एक और वर्ल्ड कप जीतने का सपना अधूरा रह गया। मैच के बाद मेस्सी भावुक नजर आए, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए। इसी बीच बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने भी मेस्सी के लिए एक भावनात्मक संदेश साझा किया है।
फुटबॉल के बड़े प्रशंसक माने जाने वाले अमिताभ बच्चन ने फाइनल मुकाबला देखने के बाद अपने विचार सोशल मीडिया पर व्यक्त किए। उन्होंने मेस्सी का हौसला बढ़ाते हुए लिखा कि हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, लेकिन एक सच्चे चैंपियन की पहचान उसके संघर्ष और उसे मिलने वाले प्यार से होती है।
अमिताभ बच्चन ने अपने संदेश में कहा कि स्पेन इस बार चैंपियन बना है, जबकि मेस्सी और उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने लिखा कि जब कोई खिलाड़ी अपने करियर में आगे बढ़ता है तो उसे हमेशा ऐसे लोग मिलते हैं जो उससे बेहतर प्रदर्शन करते हैं, लेकिन लोगों का प्यार और सम्मान सबसे बड़ी उपलब्धि होती है।
फाइनल मुकाबले की बात करें तो अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खेला गया मैच बेहद रोमांचक रहा। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं, लेकिन अतिरिक्त समय में फेरान टोरेस ने गोल दागकर स्पेन को बढ़त दिलाई। यही गोल टीम को खिताब जिताने वाला साबित हुआ।
वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो अमिताभ बच्चन जल्द ही लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के नए सीजन के साथ दर्शकों के बीच लौटने वाले हैं। इसके अलावा वह अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘कल्कि 2’ की तैयारियों में भी व्यस्त हैं, जिसमें वह अश्वत्थामा की भूमिका निभाते नजर आएंगे।